संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। खंड के गांव पीरूवाला में पांच दिन से नलकूप खराब होने पर दो सौ परिवार पीने के पानी के लिए परेशान हैं। उन्हें कई किलोमीटर दूर से पीने का पानी लाना पड़ रहा है। वहीं लोगो खेत के नलकूप से पानी लाकर अपना दैनिक कार्य कर रहे है। ग्रामीणों का आरोप है कि शिकायत देने के बाद भी विभाग के अधिकारियों ने अभी तक इस ओर ध्यान नहीं दिया।
गांववासी कर्मबीर सिंह, श्याम सिंह, सोमनाथ, सतपाल ने कहा कि गांव में नलकूप नंबर दो से हरिजन बस्ती व हनुमान मंदिर गली के दो सौ घरों में पानी की आपूर्ति होती है। नलकूप खराब होने से पांच दिनों से पानी की आपूर्ति पूरी तरह से बंद है। इससे गांव की हरिजन कॉलोनी व हनुमान मंदिर गली में पानी की किल्लत है। ग्रामीणों को मजबूरन हैंड पंप दूषित पानी पीना पड़ रहा है। इससेसे छोटे बच्चों की तबीयत भी बिगड़ रही है। जलापूर्ति के लिए लाइन नलकूप नंबर एक से जोड़ दी गई, लेकिन बिजली आपूर्ति न होने के कारण परेशानी दूर नहीं हुई।
ग्रामीणों का कहना है कि गांव के सभी घरों में जन स्वास्थ्य विभाग की पाइप लाइन से पानी की आपूर्ति की जाती है। नलकूप में खराबी आने पर ग्रामीणों के सामने पानी आपूर्ति का अन्य विकल्प नहीं है। ग्रामीणों ने खंड प्रशासन से नलकूप को जल्द से जल्द ठीक करवाने की मांग की है। सरपंच नीलम रानी ने बताया कि करीब दो माह पहले भी नलकूप में तकनीकी खराबी आ गई थी। इसके बारे में अधिकारियों को अवगत करवाया गया था, लेकिन कोई समाधान नहीं हुआ। जिस पर उन्होंने निजी कोष से नलकूप ठीक करवाया था। इसका बिल उन्होंने विभाग को भेज दिया, लेकिन अभी तक उनका भुगतान नहीं किया गया। उन्होंने बताया नलकूप खराब होने की शिकायत विभाग को दे दी गई है।