यमुनानगर। सहारनपुर-कुरुक्षेत्र स्टेट हाईवे पर औरंगाबाद पुल के नीचे पिता के सामने ही ट्रक ने बाइक सवार बेटे को कुचल दिया। हादसा उस समय हुआ जब पिता और पुत्र अलग-अलग बाइक पर सवार होकर रिश्तेदारी में जा रहे थे। हादसे में गंभीर रूप से घायल बेटे को अस्पताल लाया गया, जहां से उसे पीजीआई रेफर कर दिया गया। उपचार के दौरान पीजीआई में युवक की मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी ट्रक चालक के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
हरिपुर कम्बोयान निवासी गुरमेज सिंह ने बताया कि उसके साले मेहर चंद की बेटी सीमा की शादी फर्कपुर में हुई है। 24 जनवरी की रात उसे सूचना मिली कि उसके साले का दामाद सीमा के साथ झगड़ा कर रहा है, जिस पर वो और उसका छोटा बेटा आकाश सीमा व उसके बच्चों को लेने अलग-अलग बाइक पर फर्कपुर जा रहे थे। उस समय बारिश हो रही थी। जब वे सहारनपुर-कुरुक्षेत्र मार्ग पर औरंगाबाद पुल के नीचे पहुंचे तो पीछे से तेज रफ्तार एक ट्रक आया। आरोपी चालक ने लापरवाही से ट्रक चलाते हुए आगे चल रहे उसके बेटे आकाश को टक्कर मार दी। हादसे में उसका बेटा बाइक समेत सड़क पर गिर गया। इसके बाद ट्रक उसे कुचलता हुआ आगे निकल गया। हादसे के बाद मौके पर आसपास के लोगों की भीड़ लग गई। आरोपी ट्रक चालक मौका देख वहां से फरार हो गया। उसने लोगों की मदद से बेटे का अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टर ने उसके बेटे आकाश की हालत गंभीर देख पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया। उपचार के दौरान 25 जनवरी को उसकी मौत हो गई। सूचना मिलने पर सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के बाद परिजनों के हवाले कर दिया। पुलिस ने मामले में आरोपी ट्रक चालक पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शादी से लौट रहे बाइक सवार को कैंटर ने मारी टक्कर, पीजीआई रेफर
ईस्ट भाटिया नगर निवासी सजेंद्र सिंह ने शहर पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह प्राइवेट कंपनी में जॉब करता है। 24 जनवरी को वे परिवार सहित पड़ोसी राजिंद्र कुमार की बेटी की शादी में गए थे। उसके चाचा का लड़का प्रभजोत सिंह भी शादी में गया था। शादी में शामिल होने के बाद वो और उसके चाचा का लड़का प्रभजोत सिंह अलग-अलग बाइक पर घर लौट रहे थे। रात करीब साढ़े नौ बजे जब वे प्यारा चौक पर पहुंचे तो पीछे से तेज रफ्तार कैंटर आया। आरोपी चालक ने लापरवाही से कैंटर चलाते हुए उनके आगे चल रहे उसके चचेरे भाई प्रभजोत सिंह को टक्कर मार दी। टक्कर लगने से प्रभजोत सड़क पर गिरकर घायल हो गया। उसने व उसकी पत्नी ने टक्कर लगने से घायल हुए प्रभजोत को अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी हालत गंभीर देख डॉक्टर ने पीजीआई रेफर कर दिया। फिलहाल उसका उपचार चल रहा है।
बस स्टैंड से निकली महिला को कार ने मारी टक्कर, घायल
सेक्टर-18 निवासी कविता बनवाल ने बताया कि वह गुरुग्राम में प्राइवेट जॉब करती है। वह गुरुग्राम से बस में सवार होकर जगाधरी आ रही थी। यमुनानगर बस स्टैंड पर बस से उतरकर वह पिछले गेट से ऑटो लेने के लिए वर्कशॉप रोड पर जा रही थी। बस स्टैंड के बाहर जब वह ऑटो लेने के लिए सड़क किनारे चल रही थी तो पीछे से तेज रफ्तार स्विफ्ट कार आई। आरोपी चालक ने लापरवाही से कार चलाते हुए उसे टक्कर मार दी। आसपास के लोगों ने उसे अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने मामले में आरोपी कार चालक पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।