संवाद न्यूज एजेंसी
छछरौली। बारिश में उखड़ी शेरपुर मोड़ से लेदी जाने वाली सड़क की मरम्मत न होने से राहगीर परेशान है। सड़क की बजरी बिखर गई। ऐसे में नीचे की मिट्टी भी बाहर आ गई है ऐसे में धूल भी उड़ने लगी। इस रोड पर रविवार को बाइक का टायर फिसलने के चलते पीछे बैठी महिला नीचे गिरकर चोटिल हो गई। वही सड़क खस्ताहाल के होने के चलते लोगों में रोष पनप रहा है।
क्षेत्रवासी प्रदीप, यासीन, अनिल, रमेश, काका, जस्सी विर्क, हरसेवक, मोंटी पुनिया, इरशाद व शकील ने बताया कि शेरपुर मोड़ से लेदी जाने वाली सड़क सलेमपुर सत्संग घर से लेकर हडौली सत्संग घर तक बरसात में क्षतिग्रस्त हो गई थी। सड़क जगह-जगह से पूरी तरह धंस चुकी है। सड़क के बरम उखड़ने से सबसे ज्यादा परेशानी दोपहिया वाहन चालकों को रही है। सड़क पर चलते समय भारी वाहन बस व ट्रक को साइड देते समय बरम उखड़ने की वजह से दोपहिया वाहन चालक का संतुलन बिगड़ जाता है, जिसकी वजह से चालक गिरकर जख्मी हो जाते हैं।
इसके अलावा सड़क में हो रहे गड्ढों की वजह से कई बार रेत बजरी व गन्ना इत्यादि से भरे वाहन बीच सड़क पर खराब हो जाते हैं, जिससे कई-कई घंटे तक जाम लगा रहता है। ग्रामीणों का कहना है कि इस सड़क से लगभग चार दर्जन गांव जुड़े हैं। इन सभी गांवों के हजारों लोगों को इस परेशानी से दो चार होना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र की यह एकमात्र मुख्य सड़क है,। सड़क की मरम्मत कराने के लिए वह लोग जनप्रतिनिधियों से भी कई बार मिल चुके हैं। इसके बाद भी समस्या का समाधान नहीं हो रहा है।
सड़क का एस्टीमेट बनाकर मुख्यालय भेजा गया है। मंजूरी मिलने पर टेंडर डालकर सड़क का निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा। तब तक कर्मचारी भेजकर गड्ढों को भरवाया जाएगा। - अजय भाटी, एसडीओ, पीडब्ल्यूडी।