यमुनानगर। एक शातिर ठग ने खुद को बैंक अधिकारी बताकर गांव हरियाबांस निवासी कीर्ति प्रसाद शर्मा के खाते से 51,501 रुपये निकाल लिए। इस दौरान ठग ने उनके मोबाइल में एनी डेस्क नाम की एप डाउनलोड करवाकर उनके मोबाइल को हैक कर लिया। थाना सदर यमुनानगर पुलिस ने शिकायत पर आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
कीर्ति प्रसाद शर्मा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसका आईसीआईसीआई बैंक में खाता है। उसका डेबिट कार्ड कुछ दिन पहले ब्लॉक हो गया था। कुछ दिन बाद उसके मोबाइल पर एक व्यक्ति का फोन आया। फोन करने वाले ने बताया कि वह बैंक अधिकारी बोल रहा है। उसको ब्लाक डेबिट कार्ड को ठीक करने के लिए कुछ निर्देशों का पालन करना होगा। इसके बाद आरोपी ने उसे मोबाइल में एनी डेस्क नाम से एक एप डाउनलोड करने को कहा। जैसे ही उसने एप डाउनलोड की उसके मोबाइल पर 50 हजार 501 रुपये कटने का मैसेज आया। इस पर वह समझ गया कि उसके साथ ठगी हुई है। उसने अपना मोबाइल स्विच ऑफ कर दिया है। मामले की जांच कर रहे हेड कांस्टेबल पवन कुमार का कहना है कि बैंक खाते से रुपये निकालने का केस दर्ज कर लिया है।