बुड़िया थाना क्षेत्र के गांव नवाजपुर निवासी गोविंद राम की चाकुओं से गोदकर हत्या कर शव खेत में फेंक दिया गया। बीते रोज शुक्रवार को मालीमाजरा गांव के खेत में गोविंद का खून से लथपथ शव मिला था। मामले में शनिवार को नाराज परिजनों ने पोस्टमार्टम हाउस के बाहर हंगामा किया। साथ ही आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने तक शव उठाने से इंकार कर दिया। सूचना पर पुलिस बल के साथ पहुंचे डीएसपी रजत गुलिया ने परिजनों को शीघ्र ही हत्याकांड के खुलासे का आश्वासन दिया।
गांव नवाजपुर निवासी दीपक कुमार ने बुड़िया पुलिस थाने में दी शिकायत में बताया है कि उसका भाई गोविंद राम (32) वीरवार को घर से अचानक लापता हो गया था। परिवार के सदस्यों ने उसकी काफी तलाश की, मगर उसका कुछ भी पता नहीं चला। शुक्रवार शाम उन्हें सूचना मिली थी कि गोविंद का शव खेतों में पड़ा है। सूचना मिलते ही वह मौके पर पहुंचे। उन्होंने देखा कि गोविंद का शव खून से लथपथ गांव माली माजरा के खेत में पड़ा हुआ था। गोविंद के मुंह, आंख, गले व शरीर के अन्य हिस्सों पर चाकू घोंपने के निशान थे। दीपक ने लापरा निवासी मोबिन और अन्य पर गोविंद राम की हत्या करने का आरोप लगाया था। पुलिस ने मामले में मृतक के भाई दीपक कुमार की शिकायत पर गांव लापरा निवासी मोबिन को नामजद करते हुए कुछ अन्य पर केस दर्ज किया था। लेकिन हत्यारोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से नाराज परिजनों ने शनिवार को हंगामा किया। करीब एक घंटे तक हंगामे के बाद डीएसपी के आश्वासन पर परिजन शव उठाने को राजी हुए। परिजनों का कहना है कि गोविंद की हत्या करने के मामले में पुलिस ने केवल एक ही आरोपी पर केस दर्ज किया है, जबकि हत्या करने में कई अन्य लोगों का भी हाथ है।
बॉक्स
आरोप : एक आरोपी से लेने थे रुपये, इसीलिए की हत्या
मृतक गोविंद के भाई दीपक ने बताया कि गोविंद और मोबिन में लंबे समय से रुपये का लेनदेन था। कुछ माह पहले मोबिन ने उसके भाई से रुपये लिए थे। कितने रुपये थे, यह उसके भाई को ही पता था। वीरवार को उसका भाई रुपये लेने के लिए उसके पास गया था। आरोप है कि इसी दौरान आरोपी मोबिन ने अपने साथियों के साथ मिलकर उसके भाई की चाकू से गोदकर बेरहमी से हत्या कर दी। इसके बाद शव को मालीमाजरा गांव के खेतों में फेंक दिया।
बॉक्स
हाईवे जाम की दी थी चेतावनी
शुक्रवार रात विश्व हिंदू परिषद के सदस्यों ने हत्यारोपियों की गिरफ्तारी को लेकर हाईवे जाम करने की चेतावनी दी थी। इसके बाद शनिवार सुबह मृतक गोविंद के परिजन, साथी व हिंदू संगठनों के सदस्य पोस्टमार्टम हाउस पर पहुंचे। उन्होंने आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने पर शव हाईवे पर रखकर जाम की चेतावनी दी, हालांकि बाद में डीएसपी के समझाने पर परिजनों और अन्य लोगों का गुस्सा शांत हुआ।
वर्जन
-मामले में एक आरोपी को नामजद करते हुए कुछ अन्य पर हत्या के आरोप में केस दर्ज किया गया है। एक आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है। मामले की जांच अब सीआईए पुलिस करेगी। जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।-रजत गुलिया, डीएसपी।
फोटो: 13 व 14