संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। आईटीआई संस्थानों में दाखिला पंजीकरण के लिए तीसरे दिन शनिवार को पोर्टल अटक अटक-कर चला। तीसरे दिन आईटीआई में दाखिला प्रक्रिया शुरू हो गई। वहीं इस दौरान बेहद कम पंजीकरण किए जा सके। पोर्टल रुकने से पंजीकरण में परेशानियों का सामना करना पड़ा।
दो दिन पोर्टल न चलने के कारण विद्यार्थी असमंजस में थे। इससे शनिवार को बहुत ही कम पंजीकरण हो पाए। वहीं विभाग अधिकारियों का कहना है कि सोमवार से प्रक्रिया सही से हो पाएगी। दो दिन पोर्टल नहीं चल पाया था। वहीं शुक्रवार मध्य रात्रि तक समस्या जस की तस थी। ऐसे में शनिवार को भी प्रक्रिया न शुरू होने की संभावना थी। सुबह नौ बजे पोर्टल शुरू हो गया। वहीं पोर्टल शुरू होने के बाद बीच में तीन बार रुक गया। दोबारा शुरू होने का इंतजार करना पड़ा। मात्र एक सौ विद्यार्थियों का ही पंजीकरण किया गया है।
आईटीआई संस्थान में दाखिला शुरू होते ही विद्यार्थियों की भीड़ पहुंच जाती थी, परंतु इस बार ऐसा पहली बार हुआ है कि प्रक्रिया शुरू होने पर विद्यार्थी नहीं पहुंचे। विद्यार्थियों को अंदेशा था कि शनिवार को भी पोर्टल नहीं शुरू हो पाएगा। यही हाल जिले की सभी छह आईटीआई संस्थानों में रहा। विद्यार्थी पंजीकरण से ज्यादा यह पूछने पहुंचे थे कि पोर्टल शुरू हो पाया कि नहीं।
सहायता केंद्र रहे खाली
संस्थान में दाखिला लेने आने वाले विद्यार्थियों के लिए सहायता केंद्र बनाए गए हैं। इन केंद्रों पर विद्यार्थियों के दस्तावेज जांचे तथा उन्हें क्रमानुसार तैयार करवाया जाता है, ताकि पंजीकरण के दौरान परेशानी न हो। शनिवार को भी सहायता केंद्रों पर कोई नहीं पहुंचा।
शनिवार को पोर्टल चल गया था, लेकिन इस दौरान विद्यार्थी बहुत कम आए। ऐसे में बहुत ही कम पंजीकरण किए गए। दो दिन पोर्टल न चलने के कारण ऐसी दिक्कत आई है। अब प्रक्रिया ठीक से चल पाएगी। पंजीकरण में तेजी लाई जा रही है। - मनदीप सिंह, प्राचार्य, आईटीआई यमुनानगर।