बिजली निगम में ठेके पर लगे कर्मचारी ने उपभोक्ताओं के मीटर की गलत रीडिंग लेकर निगम को एक लाख 64 हजार रुपये का चूना लगाया है। निगम के अधिकारियों को जब इसकी जानकारी मिली तो उन्होंने आरोपी की शिकायत पुलिस में दी। पुलिस ने निगम उपमंडल अधिकारी की शिकायत पर आरोपी कर्मचारी के खिलाफ धोखाधड़ी के आरोप में केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी।
बिजली निगम में प्रताप नगर क्षेत्र के उपमंडल अधिकारी जगमीत सिंह ने बताया कि निगम द्वारा गांव में लगे बिजली के मीटरों की रीडिंग का जिम्मा ठेकेदारों को दिया हुआ है। ठेकेदार द्वारा जितेंद्र कुमार को गांव प्रताप नगर, खिजरी, बागपत बनियावाला व अन्य गांव की मीटर रीडिंग के लिए नियुक्त किया गया है। आरोप है कि इस दौरान जितेंद्र ने उपभोक्ताओं के साथ मिलीभगत करके मीटर की रीडिंग कम दिखाता रहा। ऐसा कर आरोपी ने निगम को एक लाख 64 हजार रुपये का नुकसान पहुंचाया है। प्रतापनगर पुलिस ने मामले में जांच के बाद आरोपी जितेंद्र के खिलाफ धोखाधड़ी की विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी।
प्रतापनगर थाना प्रभारी लज्जाराम का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।