संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। सहारनपुर से बिलासपुर जाने के लिए बैठी सवारी ने चालक पर देसी कट्टा तानकर कार लूट ली। कार में पांच हजार रुपये, लाइसेंस व अन्य दस्तावेज भी थे। वारदात की सूचना पर उप पुलिस अधीक्षक बिलासपुर अशीष चौधरी, सदर जगाधरी थाना प्रभारी सुभाष चंद्र पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच की। पुलिस ने टैक्सी चालक की शिकायत पर लूट का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
उत्तर प्रदेश के सहारनपुर के गांव मंथाना निवासी सबूर ने सदर जगाधरी पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि उसके पास अपनी इंडिगो कार किराए पर चलाता है। वह सोमवार की रात करीब साढ़े आठ बजे सहारनपुर में बस अड्डे पर था। इसी दौरान उसके पास करीब 45 वर्षीय एक व्यक्ति आया और उसे बिलासपुर जाने की बात कही। आरोपी ने 1800 रुपये में उसकी कार बिलासपुर के लिए बुक की। 200 रुपये उसने मौके पर दे दिए और बाकी बिलासपुर पहुंचने पर देने की बात कही।
इसके बाद वह आरोपी व्यक्ति को कार में बैठाकर बिलासपुर के लिए चल दिया। रात करीब 11 बजे जब वह गांव भेड़थल के पास पहुंचा था। इस दौरान सवारी ने देसी कट्टा निकालकर उस पर तान दिया और कार रोकने के लिए कहा। उसने डर के मारे कार रोक ली। इसके बाद आरोपी ने उसे कार से नीचे उतार दिया और उसकी कार लेकर बिलासपुर की ओर फरार हो गया। कार में उसके करीब पांच हजार रुपये, ड्राइविंग लाइसेंस व अन्य दस्तावेज भी थे। इसके बाद उसने एक ट्रक चालक को रुकवाया और उसे आपबीती बताई। उसने उसे ग्रीन हट ढाबा पर पहुंचाया। यहां से उसने पुलिस को सूचना दी।
आधे घंटे तक नहीं मिला डायल 112
पीड़ित सबूर ने बताया कि कार लूटने की वारदात के बाद उसने डायल 112 नंबर करीब आधे घंटे तक मिलाने का प्रयास करता रहा। कॉल नहीं लगने पर वह फिर से ढाबे पर पहुंचा और यहां से बिलासपुर थाना पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस बल के साथ डीएसपी बिलासपुर आशीष चौधरी मौके पर पहुंचे। थाना क्षेत्र सदर जगाधरी का होने पर वहां से पुलिस को बुलाया गया। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी को भी खंगाला। अंधेरा होने के कारण पुलिस के हाथ कोई सबूत नहीं लग पाया।
डीएसपी बिलासपुर आशीष चौधरी का कहना है कि मामले की सूचना मिलते ही रात को ही वे पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे थे। पुलिस ने रात को ही मामले में कार्रवाई करते हुए अज्ञात व्यक्ति पर लूट का केस दर्ज कर लिया है। आरोपी की तलाश की जा रही है।