संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। लोन दिलवाने के नाम पर दुसानी निवासी दंपती के साथ धोखाधड़ी हो गई। आरोपियों ने लोन कराने का लालच देकर महिला के नाम से एक वाहन एजेंसी से एक्टिवा ले ली। जब लोन की किश्त जमा करवाने के लिए दंपती के घर एजेंसी से कर्मी पहुंचे तो धोखाधड़ी का पता चला। गांधीनगर थाना पुलिस आरोपी पर धोखाधड़ी के आरोप में केस दर्ज किया है।
सदर थाना क्षेत्र के गांव दुसानी निवासी मीना ने गांधी नगर पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि साल 2020 में उसके पति सुनील को दो लाख रुपये की जरूरत थी। उसने बैंक से लोन लेने जठलाना निवासी असगर से संपर्क किया। आरोपी बैंकों से लोन दिलाने का कार्य करता है। जब असगर से बात की तो उसने कहा कि लोन के लिए ऑफलाइन आवेदन करना होगा। पहले एजेंसी से छोटा पर्सनल लोन लेना होगा।
इस पर उसके पति सुनील तैयार हो गया और 28 सितंबर 2020 को असगर के कहे अनुसार रेलवे स्टेशन रोड पर साईं आटोमोबाइल एजेंसी में गया। यहां आरोपी असगर ने सुनील ने कहा कि यदि वह लोन अपनी पत्नी के नाम पर कराएगा तो ब्याज दर कम लगेगी। इस पर उसके पति ने उसका आधार कार्ड व राशन कार्ड असगर को दे दिए। इसके बाद असगर ने खाली कागजात पर उसके साइन कराए। इसके बाद आरोपी ने आश्वासन दिया कि जल्द ही यह लोन पास हो जाएगा।
इस तरह से कई माह बीत गए, लेकिन लोन नहीं हुआ। सात जनवरी 2021 को उनके घर पर लखन राणा नाम का व्यक्ति आया और कहने लगा कि साईं आटोमोबाइल एजेंसी से मीना के नाम से एक्टिवा ली गई है। यह सुनते ही वे हैरान रह गए, क्योंकि उन्होंने एजेंसी से कोई एक्टिवा नहीं ली थी। बाद में लखन राणा ने बताया कि यह एक्टिवा असगर व आंबेडकर नगर निवासी सुमित कालडा एजेंसी से लेकर गए थे। जब इस बारे में उन्होंने आरोपी असगर से बात की तो वह धमकी देने लगा। गांधी नगर थाना प्रभारी जसबीर सिंह ने बताया कि आरोपी सुमित कालड़ा के खिलाफ ही धोखाधड़ी का केस दर्ज किया गया है। जल्द आरोपी को गिरफ्तार किया जाएगा।