फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Yamuna Nagar News: गंगानगर कॉलोनी में सीवरेज ओवरफ्लो होने पर गलियों में भरा पानी

Mon, 29 Dec 2025 01:06 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, यमुना नगर
विज्ञापन
गंगानगर कॉलोनी की गली में भरा गंदा पानी। संवाद
विज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी
विज्ञापन


जगाधरी। शहर की गंगानगर कॉलोनी, वार्ड नंबर-3 में सीवरेज ओवरफ्लो की समस्या ने स्थानीय लोगों का जीना मुहाल कर दिया है। कॉलोनी में पप्पू वालिया के घर के पास स्थित सीवरेज लाइन लंबे समय से ओवरफ्लो हो रही है। गंदा पानी गलियों और सड़कों पर फैल चुका है, जिससे न केवल आवागमन बाधित हो रहा है, बल्कि दुर्गंध के कारण लोगों का घरों में रहना भी दूभर हो गया है। हालात यह हैं कि कॉलोनी वासियों को नाक पर रूमाल रखकर गुजरना पड़ रहा है।



स्थानीय निवासी अनुज वालिया, आशु, पवन, मामचंद, सुमित, पूनम, राधिका, मीना और कृष्णा देवी सहित अन्य लोगों ने बताया कि वे इस समस्या को लेकर कई बार नगर प्रशासन और संबंधित विभागों में शिकायत कर चुके हैं। इसके बावजूद अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं किया गया। लोगों का आरोप है कि वार्ड पार्षद को भी कई बार अवगत कराया गया, लेकिन हर बार सिर्फ आश्वासन ही मिले।
विज्ञापन

वार्ड तीन के पार्षद जयंत स्वामी ने बताया, वार्ड में सफाई के लिए कर्मचारी लगाए गए हैं। जिस कॉलोनी में समस्या बनी हुई है, वहां उत्तरांचल के लोग किराये पर रह रहे हैं, जिससे दिक्कत आती है। शुक्रवार को मशीन लगाकर सफाई करवाई गई थी और सोमवार को फिर से सफाई करवाई जाएगी।

दर्शन लाल ने बताया कि सीवरेज का गंदा पानी सड़कों पर जमा रहने से बदबू फैल रही है। उन्होंने कहा, घर के बाहर गंदा पानी भरा रहता है। बदबू के कारण न तो ढंग से खाना बन पाता है और न ही खाया जाता है। कॉलोनी वासियों का कहना है कि इस समस्या का सबसे ज्यादा असर बच्चों और बुजुर्गों पर पड़ रहा है। फिसलन के कारण कई लोग चोटिल भी हो चुके हैं।

दीपक ने बताया कि बरसात के दिनों में हालात और भी भयावह हो जाते हैं। उन्होंने कहा, बारिश होते ही सीवरेज का पानी घरों के दरवाजों तक पहुंच जाता है। इससे संक्रमण फैलने का खतरा बना रहता है, लेकिन प्रशासन आंखें मूंदे बैठा है। अगर समय रहते सफाई और मरम्मत नहीं की गई तो किसी बड़ी बीमारी के फैलने से इंकार नहीं किया जा सकता।
विज्ञापन


जग्गो देवी ने प्रशासन से मांग की कि सीवरेज लाइन की जल्द से जल्द सफाई और मरम्मत करवाई जाए। उन्होंने चेतावनी दी, अगर समस्या का समाधान शीघ्र नहीं हुआ तो कॉलोनी वासी आंदोलन करने को मजबूर होंगे। नगर प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से इस गंभीर समस्या पर तुरंत ध्यान देकर निस्तारण कराना चाहिए।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें