यमुनानगर। गांव नागल में दो समुदायों के खूनी टकराव व पलायन की बात उठने के बाद पुलिस व जिला प्रशासन में हड़कंप मच गया है। लोग भी इस मामले में पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठा रहे हैं। इन सभी पर अंकुश लगाने के लिए अब मामले की जांच एसआईटी के माध्यम से करवाई जाएगी। इसके लिए एसआईटी गठित कर दी गई है। हालांकि अभी इसके अधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है, लेकिन औपचारिक आदेश के बाद एसआईटी एक्टिव हो जाएगी। एसआईटी में किसे शामिल किया गया है, अभी इसकी अधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। लेकिन देर रात या शुक्रवार सुबह इसके आदेश जारी कर दिए जाएंगे। डीएसपी रजत गुलिया ने बताया कि एसआईटी गठित की गई है। एसपी के औपचारिक आदेशों के बाद इसका काम शुरू हो जाएगा।
बता दें कि इस मसले को लेकर विशेष समुदाय की ओर से शुक्रवार सुबह नौ बजे गांव टोडरपुर में पंचायत करने की घोषणा की गई थी। जिसके बाद जिला प्रशासन सहित पुलिस में हड़कंप मच गया है। पंचायत न हो इसके लिए एसपी ने विशेष समुदाय के लोगों से बैठक की। एसपी ने उन्हें एसआईटी से जांच करवाने का आश्वासन दिया। उन्होंने लोगों से कहा कि वे टोडरपुर में पंचायत न करें और शांति बनाने में सहयोग करें। डीएसपी रजत गुलिया ने कहा कि एसआईटी गठित कर दी गई है। एसपी के औपचारिक आदेशों के बाद यह एक्टिव हो जाएगी। टोडरपुर की पंचायत रद्द हो गई है। सभी लोग शांति स्थापित करने का प्रयास कर रहे हैं।
पलायन की बात पर एसडीएम, तलसीदार नागल पहुंचे, लोगों से की बात
-देर रात गांव के बाहर सैकड़ों लोगों के जमा होने की फैलने लगी अफवाह
संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर/रादौर। गांव नागल में दो समुदायों के टकराव के बाद अफवाहों से माहौल खराब हो रहा है। बुधवार देर शाम अफवाह फैल गई कि गांव के बाहर सैकड़ों लोग जमा हैं और वे कभी भी हमला कर सकते हैं। जिसके बाद विशेष समुदायों के लोगों ने गांव छोड़कर टोडरपुर जाने की बात कही। लोगों के पलायन की सूचना मिलते ही पुलिस सहित जिला प्रशासन में हड़कंप मच गया। जिसके बाद डीएसपी रादौर रजत गुलिया तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने लोगों से बातचीत की और उन्हें ऐसा करने से रोका। डीएसपी ने आश्वस्त किया कि गांव के बाहर लोगों के जमा होने की बात अफवाह है। काफी देर बातचीत के बाद लोग आश्वसत हुए और घरों में चले गए। इसके बाद वीरवार सुबह एसडीएम, तहसीलदार सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारियों ने भारी पुलिस बल के साथ गांव का दौरा किया। अधिकारियों ने लोगों से बात की और उन्हें उचित कार्रवाई करने का आश्वसन दिया। अधिकारियों ने कहा कि लोग अफवाहों पर विश्वास न करें और शांति बनाने का प्रयास करें।
वर्जन
गांव में स्थिति पहले से ठीक है। पलायन जैसी कोई बात नहीं है। यह अफवाह के कारण हुआ था। लोगों से अपील है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें। विवाद खत्म करने व दोबारा ऐसी स्थिति न बने इसके लिए कार्य किए जा रहे हैं। लोगों से बातचीत कर शांति स्थापित की जा रही है। पुलिस व प्रशासन अपना काम कर रहे हैं।
-सुशील कुमार, एसडीएम, जगाधरी।