यमुनानगर में बैठक करते डिपो होल्डर एसोसिएशन के पदाधिकारी।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
राशन डिपो संचालकों ने हरियाणा में प्रदेशभर में 22 दिनों से चल रही हड़ताल सोमवार को खत्म कर दी। डिपो संचालकों के हड़ताल खत्म करने से लोगों को बड़ी राहत मिली है। मंगलवार से डिपो पर लोगों को राशन मिलने लगेगा। हालांकि कुछ डिपो संचालकों ने सोमवार को ही लोगों को राशन वितरण शुरू कर दिया।
पहले डिपो की हड़ताल 15 जनवरी तक थी, जिसे बाद में 20 जनवरी तक बढ़ा दिया गया था। 21 जनवरी से डिपो संचालकों ने डीसी कार्यालय पर धरना देने की योजना बनाई थी परंतु एसोसिएशन पदाधिकारियों ने सर्वसम्मति से हड़ताल को खत्म करने का निर्णय लिया। हालांकि मांगों को लेकर अपना संघर्ष जारी रखने की बात पदाधिकारियों ने कही है।
ऑल फेयर प्राइस शॉप डीलर्स फेडरेशन हरियाणा के जिला प्रधान सुशील मित्तल व उप प्रधान गजेंद्र राणा ने बताया कि अयोध्या में भगवान श्री राम मंदिर में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा बहुत खुशी का दिन है। इस दिन कोई भूखा नहीं रहना चाहिए, इसलिए वह अपनी हड़ताल को खत्म कर रहे हैं। यमुनानगर समेत पूरे हरियाणा में हड़ताल खत्म कर दी गई है।
यूनियन के प्रदेशाध्यक्ष शीशपाल गोदारा ने इस संबंध में सभी डिपो संचालकों को संदेश जारी कर दिया है। अब लोग मंगलवार से अपने डिपो से राशन ले सकेंगे। जिले में 603 राशन डिपो संचालक हैं, जो हड़ताल पर थे। डिपो संचालक को 60 साल की उम्र में सेवानिवृत्त करना, 300 कार्ड पर एक डिपो करना, राशन बांटने के लिए टू-जी मशीन को 5जी करना कुछ प्रमुख मांगें डिपो संचालकों की थी।
इस बार लोगों को मिलेगा आधा गेहूं, आधा बाजरा
प्रदेश में कुल 4455037 राशन कार्ड धारक हैं जिनमें 17866188 सदस्य हैं। वहीं यमुनानगर कुल 228744 राशन कार्ड हैं। जिनके 918519 लोग राशन पर निर्भर हैं। सरकार की तरफ से एएवाई राशन कार्ड पर लोगों को 35 किलोग्राम गेहूं दिया जाता है। जबकि बीपीएल कार्ड पर प्रति सदस्य को पांच किलोग्राम गेहूं के अलावा एक किलोग्राम चीनी व दो लीटर सरसों का तेल दिया जाता है। पिछले कुछ माह से सरकार डिपो पर दी जाने वाली गेहूं में कटौती कर रही है। जिससे हजारों लोग राशन से वंचित हो रहे हैं। इस बार सरकार ने नया फरमान जारी कर दिया है। जनवरी माह से लोगों को आधा गेहूं व आधा बाजरा ही दिया जाएगा। यदि गेहूं खत्म हो जाता है तो उन्हें सारा बाजरा ही मिलेगा।
प्रदेश के सभी जिलों में राशन कार्ड
- जिला राशन कार्ड
- अंबाला 186277
- भिवानी 220191
- चरखी दादरी 87069
- फरीदाबाद 321116
- फतेहाबाद 186437
- गुरुग्राम 180951
- हिसार 325539
- झज्जर 146366
- जींद 228120
- कैथल 194866
- करनाल 264970
- कुरुक्षेत्र 172883
- महेंद्रगढ़ 159238
- मेवात 236405
- पलवल 208281
- पंचकूला 76076
- पानीपत 224384
- रेवाड़ी 147760
- रोहतक 168729
- सिरसा 255847
- साेनीपत 234788
- यमुनानगर 228744
- कुल 4455037