व्यक्ति से मारपीट कर छीना मोबाइल व डायरी
संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। फर्कपुर थाना क्षेत्र के जोडियो नाके के पास तीन बदमाशों ने आंबेडकर कॉलोनी निवासी व्यक्ति से मारपीट कर मोबाइल व डायरी लूट ली। डायरी में एक हजार रुपये की नकदी थी। वारदात के समय पीड़ित अपना काम समाप्त कर घर लौट रहा था। पुलिस ने मामले में तीन अज्ञात युवकों पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
आंबेडकर कॉलोनी निवासी सुभाष कुमार ने फर्कपुर पुलिस को दी शिकायत में बताया कि बुधवार को वह अपने काम से जोडियो के पास आया था। काम समाप्त कर देर शाम करीब साढ़े सात बजे वह अपने घर लौट रहा था। जब वह जोडियो नाका के पास पहुंचा तो तीन अज्ञात युवकों ने उसे रोक लिया।
आरोप है कि इस दौरान आरोपियों ने उससे मारपीट की। मारपीट के बाद बदमाशों ने उसका मोबाइल व डायरी छीन ली। डायरी में एक हजार रुपये की नकदी भी थी। वारदात को अंजाम देने के बाद तीनों बदमाश मौके से फरार हो गए। उसने इसकी सूचना पुलिस व परिजनों को दी। पुलिस मौके पर पहुंची और उसके ब्यान दर्ज किए।
फर्कपुर थाना प्रभारी सतपाल सिंह का कहना है कि मामले में अज्ञात युवकों पर केस दर्ज कर लिया है। आरोपियों की तलाश की जा रही है। जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।