यमुनानगर के उपमंडल बिलासपुर के गोहराबानी व नगली-32 गांवों में अवैध खनन कर चोरी की गई खनन सामग्री की कीमत 75 लाख 40 हजार रुपये है। पटवारी व कानूनगो द्वारा रिपोर्ट तैयार की गई तो उसमें कीमत का खुलासा हुआ। इस मामले में थाना बिलासपुर पुलिस ने शिकायत के आधार पर कर्मजीत, परमजीत, प्रवीण कुमार, मुस्तकीन, सालिम, असलम, आरआर स्टोन क्रशर स्क्रीनिंग प्लांट व वैष्णवी स्क्रीनिंग प्लांट के संचालकों पर केस दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पुलिस को मिली शिकायत के अनुसार
थाना बिलासपुर पुलिस को दी शिकायत में खनन विभाग के निरीक्षक रोहित सिंह ने बताया कि 27 सितंबर को सीएम फ्लाइंग व खनन विभाग की टीम ने गोहराबानी गांव का निरीक्षण किया था। जहां पर अवैध खनन होता मिला। टीम ने जांच की तो दो जगह पर 25101 टन खनिज की चोरी मिली। इसमें चोरी हुए खनिज की कीमत करीब 62 लाख 75250 रुपये, रायल्टी चोरी के 12 लाख 55050 रुपये व 10000 रुपये जुर्माना शामिल है।
इससे सरकार को कुल 75 लाख 40300 रुपये का नुकसान हुआ है। जांच में सामने आया कि यह जमीन कर्मजीत, परमजीत व प्रवीण कुमार की है। यहां पर अवैध खनन मुस्तकीन, सालिम व असलम द्वारा किया गया है। अवैध खनन कर गांव नगली-32 स्थित आरआर स्टोन क्रशर स्क्रीनिंग प्लांट व वैष्णवी स्क्रीनिंग प्लांट पर भेजा जा रहा है। जबकि इस क्षेत्र में खनन ठेका की लीज भी खत्म हो चुकी है। वर्तमान में कोई भी ठेका लीज पर नहीं है। इसके बावजूद यहां पर अवैध खनन किया जा रहा है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया।