यमुनानगर। बाइक पर दूध लेकर जा रहे जठलाना के गांव अलाहर निवासी पवन कुमार को कार ने टक्कर मार दी। शरीर पर गंभीर चोटें लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया।
पवन दूध बेचने का काम करता था। वह गांव मोड़ी से दूध लेकर बरहेड़ी की तरफ जा रहा था। इसी दौरान हादसा हो गया। हादसे की सूचना मिलने पर जठलाना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने मृतक पवन के बड़े भाई राम कुुमार की शिकायत पर आरोपी कार चालक के खिलाफ केस दर्ज कर तफ्तीश आरंभ कर दी है।
विज्ञापन
पुलिस को दिए बयान में गांव अलाहर निवासी राम कुमार ने बताया कि पवन कुमार उसका छोटा भाई था और दूध बेचने का काम करता था। पवन के पास एक बेटी है। पवन शनिवार शाम को बाइक पर गांव मोड़ी से दूध लेकर बरहेड़ी गांव की ओर जा रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रही कार ने उसकी बाइक को पीछे से टक्कर मार दी।
इससे वह सड़क पर गिर गया। उसके शरीर पर गहरी चोटें आने से काफी खून बह गया। सिसे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक कार को छोड़कर मौके से फरार हो गया। थाना पुलिस के मुताबिक कार चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। कार के नंबर के आधार पर चालक का सुराग लगाया जा रहा है।