यमुनानगर। जिले को नए साल में मेडिकल कॉलेज की सौगात मिल जाएगी। मेडिकल कॉलेज के लिए लंबे समय से भूमि के लिए किए जा रहे प्रयास सफल हो गए हैं। पांजूपुर में मेडिकल कॉलेज के लिए भूमि मिल गई है।
डीसी पार्थ गुप्ता ने बताया कि श्री गुरु तेग बहादुर साहब राजकीय मेडिकल कॉलेज गांव पांजूपुर में 20 एकड़ 12 मरले में बनेगा। कॉलेज का निर्माण चिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान विभाग पंचकूला की ओर से करवाया जाएगा। सब कुछ ठीक रहा तो तीन से चार महीने में कॉलेज बनाने की योजना है। डीसी ने बुधवार को कार्यालय में अधिकारियों की बैठक ली।
उन्होंने बताया कि ग्राम पंचायत पांजूपुर तहसील में श्रीगुरु तेग बहादुर साहब राजकीय मेडिकल कॉलेज स्थापित करने के ग्राम पंचायत ने भूमि 99 साल के लिए लीज पर दे दी है। चिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान विभाग पंचकूला से संयुक्त निदेशक डॉ. राहुल चावला ने बताया कि राजकीय मेडिकल कॉलेज में 430 बेड का अस्पताल बनाया जाएगा। कॉलेज 100 सीट एमबीबीएस चिकित्सकों के लिए, 60 सीट नर्सिंग ट्रेड, 40 सीट फिजियोथेरेपी, 40 सीट पैरामेडिकल के लिए रखी गई है। उन्होंने बताया कि कॉलेज बनाने के लिए सरकार की ओर से कार्यकारी कमेटी तैयार कर ली गई है। इस दौरान सिविल सर्जन विजय दहिया, कार्यकारी अभियंता डीएमईआर आरएस चंदेल, उप सिविल सर्जन डॉ. पुनीत कालड़ा व अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।