फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

कॉलेज में प्राध्यापकों की नियुक्ति को लेकर विद्यार्थी अनिश्चितकालीन धरने पर बैठे

विज्ञापन
विज्ञापन
सरस्वती नगर राजकीय महाविद्यालय के विद्यार्थी कॉलेज में प्राध्यापक नियुक्त करने की मांग को लेकर अनिश्चितकालीन धरने पर बैठ गए हैं। मंगलवार को विद्यार्थियों ने कॉलेज से रोष मार्च निकाला। रोष मार्च अनाजमंडी, मुख्य बाजार से होते हुए उप तहसील कार्यालय पहुंचा। यहां विद्यार्थियों ने कॉलेज के भवन व प्राध्यापक नियुक्त करने की मांग को लेकर मुख्यमंत्री के नाम नायब तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा। सरस्वती नगर के राजकीय कॉलेज के हालत इतने गंभीर हैं न तो महाविद्यालय का अपना भवन है और न ही स्टाफ है। 450 विद्यार्थियों के लिए दो स्थायी और एक अस्थायी प्राध्यापक है। विद्यार्थियों ने कॉलेज में प्राध्यापकों की नियुक्ति को लेकर सरकार से मांग की है।
विज्ञापन

इस दौरान गांव कान्हडी कलां के असलम खान, भगवानपुर के विशाल चोपड़ा, मुस्तफाबाद के अभिषेक, कलावड़ के प्रवीण, सुल्तानपुर के रजत, नगला खालसा के जसबीर ने बताया सरस्वती नगर में राजकीय महाविद्यालय 2019 में शुरू हुआ था। कॉलेज के पास अपनी इमारत नहीं है, जिस कारण यह सरस्वती नगर के राजकीय स्कूल के भवन में चल रहा है। कॉलेज शुरू हुए ढाई साल हो गए है, लेकिन अभी तक कॉलेज भवन के लिए भूमि का चयन नहीं किया गया है। यही नहीं ढाई साल से विद्यार्थियों की कक्षाएं बिना शिक्षण स्टाफ के चल रही हैं। कॉलेज में बीए और बी.कॉम के करीब 450 विद्यार्थियों हैं। जिनका भविष्य अंधकार में लटक गया है। उन्होंने बताया कि बीए में हिंदी, अंग्रेजी, गणित, राजनीतिक विज्ञान, इतिहास, अर्थशास्त्र, भूगोल, कंप्यूटर सहित कुल आठ विषय हैं।
जिनमें से मात्र इतिहास व अर्थशास्त्र के स्थायी प्राध्यापक हैं। जबकि भूगोल के अस्थायी प्राध्यापक हैं, जो जून तक ही सेवाएं देंगे। विद्यार्थियों ने कहा कि जब से कॉलेज शुरू हुआ है तब से राजनीतिक विज्ञान, गणित का प्राध्यापक नहीं आया। ढाई साल बाद भूगोल का प्राध्यापक आया है, जो कि जून में चला जाएगा। वहीं दूसरी तरफ बी.कॉम संकाय में पांच से अधिक प्राध्यापकों की जरूरत है, परंतु ढाई साल से किसी विषय का स्थायी प्राध्यापक नहीं है। उन्होंने कहा कि बिना प्राध्यापकों के उनका भविष्य अंधेरे में आ गया है। कॉलेज में एक से दो ही विषयों की पढ़ाई होती है। इसके लिए वे कई बार गुहार लगा चुके हैं। जिला उच्च शिक्षा अधिकारी से भी मांग कर चुकें हैं, लेकिन उनकी समस्याओं का समाधान नहीं हुआ। विद्यार्थियों ने बताया कि 13 अप्रैल को मुख्यमंत्री के नाम सीएम विंडो पर शिकायत दी थी। जिसमें चेतावनी दी थी कि यदि 25 अप्रैल तक प्राध्यापक नहीं आए तो विद्यार्थी अनिशिचितकालीन धरना देकर प्रदर्शन करेंगे। मंगलवार से विद्यार्थी अनिश्चित कालील धरने पर बैठ गए हैं। विद्यार्थियों ने कहा कि उनकी मांग पूरी होने तक उनका प्रदर्शन जारी रहेगा। सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस बल तैनात कर दिया गया। इस दौरान अधिकारियों ने विद्यार्थियों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे नहीं माने। शाम चार बजे विद्यार्थियों ने पहले दिन का प्रदर्शन समाप्त कर दिया। बुधवार को भी यह प्रदर्शन जारी रहेगा। इस दौरान शितांशु, साहिल, आशा रानी, ऋतु, आंचल, मनप्रीत सहित सभी विद्यार्थी उपस्थित रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें