ट्रेनों में बढ़ी भीड़, सुरक्षा के लिए कमांडो तैनात
त्योहारों को देखते हुए चलाया विशेष अभियान, स्टेशन परिसर और ट्रेनोें में चेकिंग की
संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। त्योहारों पर ट्रेनों में यात्रियों की भीड़ बढ़ गई है। इसे देखते हुए रेलवे स्टेशन और ट्रेनों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। सुरक्षा के लिए कमांडो तैनात किए गए है। कमांडों प्लेटफार्म से लेकर बुकिंग, पार्सल सहित ट्रेनोें में यात्रियों व उनके सामान की जांच कर रहे है।
यमुनानगर जगाधरी रेलवे स्टेशन परमंगलवार को कमांडो दस्ते के साथ बड़े स्तर पर जांच की गई। इस दौरान पार्किंग, प्लेटफार्म, प्रतीक्षालय, आरक्षण, बुकिंग ऑफिस सहित अन्य स्थानों पर जांच की गई है। प्लेटफार्म के एक से दूसरे छोर तक व्यापक जांच की गई। यात्रियों के साथ उनके सामान की भी जांच की गई। संदिग्ध प्रतीत होने वालों सामान गहनता से जांचा गया।
जीआरपी के अतिरिक्त थाना प्रभारी धर्मपाल ने बताया कि त्योहारों के कारण इन दिनों ट्रेनों में भारी भीड़ चल रही है। ऐसे में सुरक्षा की दृष्टि से कड़े बंदोबस्त किए गए हैं। भीड़ में अपराधिक गतिविधियों की संभावनाएं अधिक होती हैं। वहीं जहर खुरानी इत्यादि की भी घटनाएं बढ़ जाती है। त्योहारोें पर यात्रियों की भीड़ को देखते हुए अंबाला स्थित मुख्यालय से कमांडो दस्ता भेजा गया है। कमांडो स्टेशन परिसर, प्लेटफार्म के अलावा ट्रेनों में जांच कर रहे हैं। यात्रियों को सुरक्षा के प्रति जागरूक किया जा रहा है। यह अभियान लगातार जारी रहेगा।
बॉक्स
कमांडो देखकर घबरा गए यात्री
रेलवे स्टेशन पर हथियारों से लैस कमांडो देखकर यात्री घबरा गए। चेकिंग के दौरान यमुनानगर जगाधरी जीआरपी के कर्मचारी भी हथियारों से लैस नजर आए। उनके पास मेटल डिटेक्टर भी थे। ऐसे में यात्रियों को लगा कि स्टेशन पर कोई संदिग्ध वस्तु होने की सूचना है, जिसकी तलाश की जा रही है। एक से दूसरे छोर पर यात्रियों व सामान की जांच की गई। इस दौरान यात्रियों को इस अभियान के बारे में बताया गया। साथ ही यात्रियों को सुरक्षित सफर के लिए जागरूक किया गया।