स्नातक कोर्सों में ऑनलाइन पंजीकरण की अंतिम तिथि बढ़ने के बाद विद्यार्थियों ने खुशी जताई है। अब कॉलेजों में आवेदन करने वालों की संख्या बढ़ने लगी है। राजकीय महाविद्यालय अहड़वाला में 420 सीटों के लिए शुक्रवार तक 635 विद्यार्थियों ने आवेदन किया है। महाविद्यालय की ओर से विद्यार्थियों की सुविधा के लिए सहायता केंद्र भी बनाए गए हैं। ये जानकारी महाविद्यालय के दाखिला कमेटी संयोजक प्रो. अमित कुमार ने दी।
उन्होंने बताया कि महाविद्यालयों में प्रवेश के लिए 16 अगस्त से ऑनलाइन पंजीकरण शुरू हो गया था। इस बार 420 सीटों के लिए ऑनलाइन आवेदन मिले हैं। आवेदन की तारीख बढ़ाकर पहले दो सितंबर तक की गई थी और अब छह सितंबर कर दी गई है। इससे विद्यार्थी कॉलेज में बीकॉम, बीकॉम वोकेशनल कंप्यूटर एप्लीकेशन, बीएससी नॉन मेडिकल, बीएससी मेडिकल, बीसीए व बीए में दाखिले के लिए ऑनलाइन आवेदन कर रहे हैं। इस बार केंद्रीयकृत प्रणाली के तहत केवल उच्चतर शिक्षा निदेशालय के पोर्टल पर ही आवेदन किए जा रहे हैं। स्नातक कक्षाओं में दाखिले के लिए आठ सितंबर को पहली वरीयता सूची जारी की जाएगी। पहली सूची में दाखिले मिलने वाले विद्यार्थियों को 9 से 12 सिंतबर तक फीस जमा करवानी होगी। इसके बाद 15 सितंबर को दूसरी सूची जारी की जाएगी। दूसरी सूची में शामिल विद्यार्थियों को 16 से 18 सितंबर तक फीस जमा करवानी होगी। 21 सितंबर से कॉलेज में बची सीट के लिए खुला आवेदन किया जाएगा। हालांकि ताजा शेड्यूल में बदलाव किया जा सकता है। प्रो. रमेश धारीवाल ने बताया कि ऑनलाइन पंजीकरण निशुल्क रख गया है।
आवेदनों की स्थिति
- बीकॉम वोकेशनल कंप्यूटर एप्लीकेशन की 20 सीट के लिए 20 आवेदन।
- बीएससी नॉन मेडिकल में 40 सीट के लिए 43 आवेदन।
- बीएससी मेडिकल में 20 सीट के लिए 19 आवेदन।
- बीसीए में 20 सीट के लिए 82 आवेदन।
- बीए में 240 सीट के लिए 397 आवेदन।
- बी कॉम में 80 सीट के लिए 74 आवेदन।