यमुनानगर। नगर निगम व फायर ब्रिगेड कर्मचारियों ने वीरवार को नगर निगम कार्यालय गेट पर एकत्र होकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। इस दौरान कर्मचारियों ने झाडू उल्टा करके नगरनिगम गेट से शहर में जुलूस निकाला। प्रदर्शन का नेतृत्व शाखा प्रधान जनकराज ने किया। जबकि संचालन शाखा सचिव प्रवेश परोचा ने किया।
जुलूस के बाद कर्मचारी नगर निगम कार्यालय पहुंचे और फिर से सरकार विरोधी नारेबाजी की। इस दौरान निगम आयुक्त आयुष सिन्हा ने बातचीत का न्योता भेजा। जिस पर मौके पर ही प्रतिनिधिमंडल बनाया गया। जिसमें राज्य महासचिव मांगे राम तिगरा, अग्निशमन सेवा संघ के राज्य प्रेस प्रवक्ता गुलशन भारद्वाज, नगरपालिका शाखा प्रधान जनकराज, मुख्य सलाहकार राजकुमार ससोली, शाखा सचिव प्रवेश परोचा, उपप्रधान पपला को शामिल किया गया। प्रतिनिधिमंडल ने कर्मचारियों का वेतन जारी करने, गेहूं ऋण, फायर ब्रिगेड कर्मचारियों के 5 साल के अनुभव आधार के वेतन का एरियर सहित अन्य मांगों पर आयुक्त से चर्चा की। जिसमें आयुक्त ने प्रतिनिधियों को समस्याओं का जल्द समाधान करने का आश्वासन दिया।
इस दौरान गुलशन भारद्वाज ने आगामी आंदोलन की घोषणा की। उन्होंने कहा कि सरकार हरियाणा कौशल रोजगार निगम भंग, पुरानी पेंशन बहाली, 25 अप्रैल 2020 व 17 अगस्त 2020 के समझौते लागू, फायर विभाग को निकाय विभाग में शामिल करने, छंटनी किए कर्मचारियों को ड्यूटी पर लेने व 19 सूत्रीय मांग पत्र लागू करने को लेकर 14 मई को शिक्षामंत्री पर प्रदर्शन किया जाएगा। इसके बाद 17-18 मई को सभी पालिकाओं, परिषदों व नगर निगमों में क्रमिक भूख हड़ताल की जाएगी।
उन्होंने बताया कि इसके बाद भी सरकार ने कर्मचारियों की मांगों को गंभीरता से नहीं लिया तो 23-24 मई को दो दिन की हड़ताल की जाएगी। इस दौरान मुख्य सलाहकार रोहताश, उपप्रधान बलदीप, कोषाध्यक्ष गुलजार अहमद, कार्यालय सचिव सोरण दलोर, राजबाला, अग्निशमन से मोहन लाल, पवन मसीह सहित सभी कर्मचारी उपस्थित रहे।