जगाधरी वर्कशॉप रोड पर कार सवार कुछ युवकों ने जान से मारने की नीयत से पीछे से टक्कर मार कर बाइक सवार दो भाइयों को नीचे गिरा दिया। आरोप है कि इसके बाद कार सवार पांच युवकों ने दोनों पर रॉड व कस्सी के बिंडों से हमला कर घायल कर दिया। बताया जा रहा है कि एक आरोपी युवक का एक युवती से प्रेस प्रसंग है। वह युवती घायल युवक की बहन व मां से फोन पर बातचीत करती है। इसी को लेकर आरोपी ने उन पर हमला कर दिया। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपी युवकों को नामजद करते हुए तीन अन्य पर हत्या के प्रयास में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुराना हमीदा निवासी राहुल उर्फ प्रिंस ने गांधी नगर पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी बड़ी बहन शहीद भगत सिंह चौक स्थित दीक्षा अकादमी से कोचिंग ले रही है। उसके बहन के साथ उसकी एक दोस्त भी कोचिंग लेती है। उसकी बहन की दोस्त उसकी बहन व मां के साथ उसके मोबाइल फोन से बातचीत करती रहती थी। बताया जा रहा है कि इंद्रा गार्डन निवासी अनिल प्रजापति का उसकी बहन की सहेली के साथ प्रेम प्रसंग है। आरोप है कि एक दिन उनकी कॉलोनी में अनिल प्रजापति उसके बारे में पूछताछ कर रहा था। जब उसने आरोपी अनिल प्रजापति को फोन कर इस बारे में पूछताछ की और उसकी गलतफहमी को दूर करने के लिए बातचीत करने को कहा। इसके बाद आरोपी ने उससे बातचीत करने के लिए 24 अक्तूबर को आईटीआई के पास बुलाया। देर शाम वह बाइक पर सवार होकर अपने छोटे भाई हिमांशु के साथ आईटीआई जा रहा था। जगाधरी वर्कशॉप रोड पर आईटीआई के पास पीछे से एक कार चालक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर लगने से वे दोनों भाई बाइक सहित सड़क पर गिर गए। तभी कार से निकले आरोपी इंद्रा गार्डन निवासी अनिल प्रजापति, हरबंसपुरा निवासी सौरव व दो-तीन अन्य युवकों ने रॉड, डंडे व कस्सी के बिंडों पर दोनों भाइयों पर हमला कर दिया। इसके बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। आसपास के लोगों ने उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया। उन्होंने इसकी शिकायत पुलिस को दी। गांधी नगर थाना पुलिस ने राहुल की शिकायत पर आरोपी अनिल प्रजापति व सौरव को नामजद करते हुए तीन अन्य पर हत्या के प्रयास व अन्य धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गांधी नगर थाना प्रभारी जसबीर सिंह का कहना है कि मामले में दो लोगों को नामजद करते हुए तीन अन्य पर हत्या के प्रयास के आरोप में केस दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की तलाश की जा रही है। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।