संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। कार और बाइक के टकराने पर दो पक्षों में विवाद हो गया। इस दौरान कुछ युवकों ने रॉड व डंडों से हमला कर दो भाइयों व उनके दो पड़ोसियों को पीटकर घायल कर दिया। पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों को नामजद करते हुए 25-30 लोगों पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
घटना मॉडल टाउन के अमूल पार्लर के पास शनिवार की है। मॉडल टाउन निवासी विराट ने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि शनिवार दोपहर बाद करीब ढाई बजे वह अपनी कार में सवार होकर अमूल पार्लर मॉडल टाउन में अपने छोटे भाई विख्यात के साथ आइसक्रीम खाने के लिए गया था। जब वह कार से बाहर निकलने लगा तो उसके पास खड़ी बाइक से उसकी दरवाजा टकरा गया। इस पर बाइक सवार ने उसका गला पकड़ लिया और उसके साथ मारपीट करने लगा।
जब उसका भाई विख्यात बचाव करने लगा तो आरोपी बाइक सवार के साथ आए पांच छह अन्य युवकों ने उन दोनों भाइयों को पकड़ लिया और मारपीट की। तभी वहां पर उनके पड़ोसी प्रतीक व इशांत पहुंचे और उनकी मदद करने लगे। इस पर आरोपियों ने 20-25 युवक और बुला लिए। आरोपी हाथों में रॉड व अन्य हथियार लेकर आए और उनसे मारपीट की। मारपीट के दौरान उसके गले से सोने की चेन भी गायब हो गई। मारपीट के बाद आरोपी उन्हें धमकाते हुए वहां से फरार हो गए।
जांच के दौरान तीन आरोपियों की पहचान गुनीत चौकर, विवेक, बामन के रूप में हुई। अन्य का कुछ पता नहीं चल पाया। इसकी शिकायत उन्होंने पुलिस को दी। पुलिस ने मामले में आरोपी गुनीत, विवेक व बामन को नामजद करते हुए 25-30 अन्य के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शहर थाना प्रभारी सुखबीर सिंह का कहना है कि केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही है।