यमुनानगर/रादौर। सहारनपुर-कुरुक्षेत्र रोड निर्माण की सुस्त रफ्तार से नाराज भाकियू ने सोमवार को हाईवे पर ट्रैक्टर ट्रालियों से जाम लगा दिया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने रादौर बस स्टैंड के बाहर टेंट लगाकर सरकार और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। हाईवे पर जाम की सूचना मिलने के बाद पुलिस-प्रशासन और विभागीय अधिकारी मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया। साथ ही 31 मार्च तक मार्ग को दुरुस्त कराने और तीन माह में नए सिरे से निर्माण कराने का आश्वासन दिया। इसके बाद प्रदर्शनकारियों का गुस्सा शांत हुआ। इस दौरान करीब ढाई घंटे तक हाईवे के दोनों ओर वाहनों की कतार लगी रही, जिससे राहगीरों को मुश्किलों का सामना करना पड़ा।
सहारनपुर-कुरुक्षेत्र रोड की खराब हालत को लेकर भाकियू की ओर से पहले भी प्रदर्शन किया गया था। साथ ही जल्द मार्ग दुरुस्त नहीं होने पर जाम की चेतावनी दी गई थी। इसके बावजूद अधिकारियों की ओर से सुध नहीं ली गई। ऐसे में सोमवार को भाकियू जिला प्रधान सुभाष गुर्जर की अगुवाई में लोगों ने हाईवे पर जाम लगा दिया। हाईवे पर जाम की सूचना के बाद रादौर एसडीएम दिलबाग सिंह, पीडब्ल्यूडी एक्सईएन अमित कौशिक सहित डीएसपी मुख्यालय सुभाष चंद लोगों को समझाने पहुंच गए। अधिकारियों ने मार्ग की मरम्मत करवाए जाने की बात की, लेकिन लोग सड़क के नए सिरे से निर्माण करवाने की मांग पर अड़ गए। अधिकारियों की मरम्मत की बात पर प्रदर्शनकारी नहीं माने। इसके बाद अधिकारियों ने किसानों को 31 मार्च तक मार्ग की मरम्मत करवाने तथा तीन महीने में निर्माण शुरू करवाने का भरोसा दिलवाया। इस पर प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि 31 मार्च तक सड़क की मरम्मत नहीं करवाई गई, तो दोबारा रोड जाम किया जाएगा। इस प्रदर्शन में भाकियू, संयुक्त किसान मोर्चा, कांग्रेस, आम आदमी पार्टी सहित अन्य संगठनों एवं दलों के कार्यकर्ता भी शामिल रहे।
भाकियू जिला प्रधान सुभाष गुर्जर ने कहा कि सहारनपुर-कुरुक्षेत्र मार्ग रादौर में खस्ताहाल है और गड्ढे में तब्दील हो गया है। इस पर पैदल चलना भी मुश्किल हो रहा है, लेकिन अधिकारियों की ओर से सुध नहीं ली जा रही है। यही कारण है कि लोगों को सड़कों पर उतरकर जाम के लिए मजबूर होना पड़ा। दूसरी ओर जाम के कारण चिलचिलाती धूप में लोग सड़क पर घंटों यातायात सुचारु होने का इंतजार करते रहे। ढाई घंटे बाद जब जाम खुला तो लोगों व अधिकारियों ने राहत की सांस ली। इस दौरान महिपाल चमरोडी, प्रदीप नगला, महिंद्र नंबरदार, शिवकुमार शास्त्री, धर्मपाल चौहान, गुरबचन सिंह, रविंद्र पाल, मनमोहन सिंह, सचिन गुप्ता, सुमन वाल्मीकि, रमेश ढिल्लो, उदय सिंह कुंजल, जयपाल चमरोड़ी, सुभाष चमरोड़ी, धर्मबीर अमलोहा, अशोक डांगी, राजेश रतनगढ़, सुभाष शर्मा, सुखदेव सलेमप र, मदन लाल, वजिंद्र राणा, बीरलाल भी उपस्थित रहे।
----------------------------------------
बॉक्स
वादाखिलाफी दिवस मनाया
यहां सुभाष गुर्जर ने कहा कि 13 मास आंदोलन के बाद सरकार ने संयुक्त किसान मोर्चा से किया वादा पूरा नहीं किया। जिसके विरोध में संयुक्त किसान मोर्चा वादाखिलाफी एवं रोष दिवस मना रहा है। यहां किसानों ने धरना देकर किसानों ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और रोष जताया।
---------------------------------------------
बॉक्स
सरकार नहीं दे रही ध्यान
यहां पर वरिष्ठ कांग्रेसी नेत्री एवं पार्षद निर्मल चौहान, आप के वरिष्ठ नेता नरेश लाल, कांग्रेस नेता मांगे राम मारूपुर, भाकियू महिला मंडल की प्रधान सुखबीर कौर, संयुक्त किसान मोर्चा नेता जरनैल सागवान, अनिल प्रजापति, महिपाल चमरोड़ी, धर्मपाल चौहान, मान सिंह पंजेटा, प्रदीप नगला, विनोद डांगी, उदय सिंह कुंजल ने कहा कि एसके हाईवे सहित क्षेत्र की सभी सड़कों की हालत बहुत ही खराब है। लेकिन सरकार व लोक निर्माण विभाग इसे गंभीरता से नहीं ले रहा है। सड़कों पर बने गहरे गड्ढों से रोज हादसे हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल कई बार एसके रोड फोरलेन करने की घोषणा कर चुके हैं। लेकिन घोषणा के बाद भी इसे फोरलेन करना तो दूर इसकी मरम्मत तक नहीं की जा रही है। उन्होंने कहा कि सरकार इस ओर ध्यान नहीं दे रही है, जबकि यह जिले की सबसे व्यस्त सड़क है।