शहर की पुराना हमीदा कॉलोनी निवासी एक व्यक्ति ने दहेज की मांग पूरी न होने पर अपनी पत्नी को तीन तलाक देकर घर से निकाल दिया। पुलिस ने महिला की शिकायत पर उसके पति समेत परिवार के तीन लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी।
पुराना हमीदा निवासी महिला ने महिला पुलिस थाने में दी शिकायत में बताया कि 18 फरवरी 2011 को उसका निकाह कामिल के साथ हुआ था। निकाह के दौरान उसके मायके वालों ने उसे काफी सामान दिया था। वहीं निकाह के दौरान दिए सामान से उसके पति कामिल और उसके ससुराल पक्ष के सदस्य इकराम व आरिफ खुश नहीं थे। निकाह के बाद से ही वे उससे अधिक सामान लाने की मांग करने लगे लेकिन उसके मायके वाले अधिक सामान देने में असमर्थ थे। महिला ने बताया कि 28 जुलाई को उसका पति घर पर आया और उसके साथ मारपीट करने लगा। इसके बाद उसने उसे तीन तलाक देकर घर से निकाल दिया। वह अपने मायके पहुंची और घटना के बारे में बताया। परिजनों ने मामले की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मामले की जांच के बाद तीनों आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी।