यमुनानगर। नगर पालिका कर्मचारी संघ के आह्वान पर दूसरे दिन भी नगर निगम के सफाई व दमकल कर्मी पेन डाउन टूल डाउन हड़ताल पर रहे। लंबित मांगों व समस्याओं के रोष में रेलवे रोड पर प्यारा चौक से नगर निगम यमुनानगर कार्यालय तक सरकार के खिलाफ जुलूस निकाला। निगम कार्यालय में भी प्रदर्शन किया। समर्थन में अन्य कर्मचारी संगठनों के पदाधिकारी भी पहुंचे। उनकी नारेबाजी सुनकर अपने दफ्तर से मेयर मदन चौहान बाहर आए और प्रदर्शन की वजह जानी। प्रदर्शनकारियों ने मेयर को घेर लिया और कौशल रोजगार निगम की कमियां बताईं।
मेयर ने उन्हें आश्वस्त किया कि उनकी मांगों व समस्याओं का ज्ञापन सरकार तक पहुंचाएंगे। इस पर कर्मचारी शांत हुए और निगम कार्यालय गेट पर धरना दिया। धरना प्रदर्शन की अध्यक्षता नगर पालिका शाखा प्रधान जनकराज व अग्निशमन सेवा संघ के सह कोषाध्यक्ष रिंकू कुमार ने संयुक्त रूप से की। मंच संचालन शाखा सचिव प्रवेश परोचा ने किया। मौके पर रिटायर्ड संघ के राज्य सहसचिव विनोद त्यागी, एसकेएस जिला प्रधान महिपाल सौडे, ब्लॉक प्रधान जोत सिंह रावत, नगर पालिका के वरिष्ठ उपप्रधान राजकुमार धारीवाल, मुख्य सलाहकार राजकुमार ससोली, उपप्रधान पपला, उपप्रधान बलदीप, प्रचार सचिव रमन, कार्यालय सचिव सोरण दलोर, राजबाला, कमलेश, अग्निशमन सेवा संघ से रिंकू कुमार, वीरेंद्र धीमान, प्रिंस शर्मा, अनिल कुमार, पंकज शर्मा, सतनाम सिंह, सुरेंद्र मौजूद रहे।
मेयर का तर्क- ठेकेदारों के शोषण से बचेंगे कर्मी, प्रदर्शनकारियों का पलट जवाब- मानदेय कम और शोषण बढ़ेगा- अग्निशमन सेवा संघ के राज्य प्रेस सचिव गुलशन भारद्वाज ने बताया कि नगर निगम यमुनानगर कार्यालय के परिसर में नारेबाजी सुन मेयर अपने दफ्तर से बाहर आए और प्रदर्शन की वजह पूछी। उन्हें बताया कि कौशल रोजगार निगम भंग करने सहित अन्य मांगें हैं, जिन्हें लेकर यह दो दिन की हड़ताल व प्रदर्शन है। मेयर ने तर्क दिया कि कौशल रोजगार निगम से कर्मी ठेकेदारों के शोषण से बचेंगे। प्रदर्शनकारियों ने मेयर को पलट कर जवाब देते हुए आरोप लगाया कि कौशल रोजगार निगम में मानदेय कम और शोषण बढ़ेगा। उसमें समान काम समान वेतन नहीं मिलेगा और न कर्मचारी नियमित होंगे। इसलिए ये कर्मचारी के शोषण की तैयारी है। हर 11 माह के बाद कर्मचारी की नौकरी की समीक्षा की होगी कि उसे नौकरी पर रखना है या नहीं। इस तरह, काफी देर चली बातचीत के बाद मेयर ने प्रदर्शनकारियों से कहा कि मांगों व समस्याओं का ज्ञापन दें तो वह सरकार तक पहुंचाएंगे।
आगे बढ़ानी थी हड़ताल, पर आचार संहिता देख स्थगित की
गुलशन भारद्वाज ने बताया कि दो दिन चली हड़ताल आगे बढ़ाने की तैयारी थी, पर राज्य में आचार संहिता लगने के कारण हड़ताल को आगे स्थगित कर दिया गया है लेकिन 25 जून को दोबारा से राज्य कमेटी की बैठक बुलाकर आगामी आंदोलन का ऐलान होगा। उससे पहले अग्निशमन सेवा संघ की राज्य कार्यकारिणी की बैठक चार जून को रोहतक में है, जिसमें आंदोलन पर चर्चा होगी।