यमुनानगर। फेसबुक पर दोस्ती के बाद महिला को शादी का झांसा देकर तीन साल तक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। आरोप है कि इस दौरान युवक ने महिला की अश्लील वीडियो बना ली। साथ ही महिला के समक्ष पति को तलाक देकर शादी करने का प्रस्ताव रखा। जब महिला ने पति को तलाक दे दिया तो आरोपी युवक ने भी शादी से इंकार कर दिया। साथ ही शिकायत करने पर अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी दी। इस आशय की शिकायत पर केस दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
27 वर्षीय पीड़िता के मुताबिक 2019 में फेसबुक पर उसकी दोस्ती जिला पानीपत के गांव नूरवाला निवासी सुनील कुमार के साथ हुई थी। इसके बाद आरोपी उससे अक्सर बात करने लगा। इस दौरान आरोपी ने उसे प्रेम जाल में फंसाकर उसके सामने शादी करने का प्रस्ताव रखा, लेकिन उसने शादीशुदा होने की बात कहकर मना कर दिया। इसके बावजूद आरोपी उस पर पति को छोड़ने का दबाव बनाने लगा। महिला का आरोप है कि युवक उसके घर पर आकर उसे शादी का झांसा देकर उसके साथ बार-बार दुष्कर्म करता रहा। इस दौरान आरोपी ने उसकी अश्लील वीडियो व फोटो भी ले ली। महिला ने बताया कि उसने आरोपी के कहने पर पांच जनवरी 2022 को अपने पति से तलाक ले लिया। इसके बाद जब उसने आरोपी को शादी करने के लिए कहा तो उसने मना कर दिया। आरोपी ने इस बारे में किसी को बताने पर उसकी अश्लील फोटो व वीडियो वायरल करने की धमकी दी। परेशान होकर उसने आरोपी के खिलाफ पुलिस में शिकायत दी।