संवाद न्यूज एजेंसी
साढौरा। बिजली चोरी करने पर ग्रामीणों को जुर्माना करना निगम की टीम को उस समय भारी पड़ गया, जबकि उन्हें गांव में बंधक बना लिया गया। यही नहीं किसानों ने ट्रैक्टर ट्राली अड़ाकर गांव की सड़क बंद कर दी। मामले की सूचना पाकर गांव पहुंचे बिजली निगम अधिकारियों और पुलिस ने समझौता करवाया गया। बिजली निगम को ग्रामीणों पर किया एक लाख 25 हजार रुपये का जुर्माना घटाकर मात्र 25 हजार करना पड़ा। करीब तीन घंटे के बाद कर्मचारी वहां से निकल पाए।
घटना कस्बे के गांव भोगपुर की है। साढौरा बिजली निगम को गांव भोगपुर में बिजली चोरी की शिकायत मिली थी। सूचना पर एसडीओ विकास बंसल, जेई राजेश कुमार के नेतृत्व में तीन क्षेत्रों के प्रभारी व अन्य कर्मचारी गांव में पहुंच गए। कर्मचारियों ने गांव के बाहर एक घर में बिजली चोरी होते पाया। टीम ने इसकी वीडियो रिकॉर्डिंग कर ली। वहीं तीन ग्रामीणों का बिजली चोरी के आरोप में जुर्माना का पर्चा भरकर कार्रवाई शुरू की।
गांव में बिजली निगम की छापामारी की सूचना मिली तो बड़ी संख्या में ग्रामीण और किसान मौके पर पहुंच गए। टीम वहां से निकलने वाली थी कि किसानों ने वहां ट्रैक्टर ट्राली अड़ाकर सड़क जाम कर दी। टीम को बंधक बनाने की सूचना प्रशासन को मिली तो प्रशासन में हड़कंप मच गया। इस पर पुलिस व अन्य अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। मौके पर पहुंचे डीएसपी प्रमोद, ड्यूटी मजिस्ट्रेट अरविंद कुमार ने ग्रामीणों को शांत किया।
किसान यूनियन के प्रदेश उपाध्यक्ष संजीव सैनी व अनिल संधु, सतपाल मानकपुर के हस्तक्षेप के बाद बिजली विभाग को झुकना पड़ा। जो जुर्माना विभाग ने तीनों किसानों पर सवा लाख था, उसे घटाकर 25 हजार में करना पड़ा। किसान नेताओएं बिजली विभाग को चेतावनी दी कि अगर वह भविष्य में इस प्रकार का काम करते हैं तो इन्हें इससे भी खराब हालात देखने को मिलेंगे। उन्होंने कहा है जब तक किसान आंदोलन चल रहा है तब तक बिजली विभाग किसी भी प्रकार की कोई कार्रवाई न करें।
वाट्सएप पर दी किसान ग्रुप को दी सूचना
वाट्सएप पर ग्रामीणों ने इसकी सूचना विभिन्न किसान ग्रुप में डाल दी। संदेश मिलते ही अन्य गांवों के लोग ौर किसान भी वहां पहुंच गए। रास्ता जाम करके किसानों ने बिजली निगम, सरकार के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। इस दौरान किसान व ग्रामीण सड़क पर बैठ गए। अधिकारियों ने किसानों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे नहीं माने।
दीवार फांदकर घर घुसने का आरोप
बिजली कर्मचारियों केे बंधक बनाने की सूचना पर ड्यूटी मजिस्ट्रेट अरविंद कुमार, डीएसपी प्रमोद सहित साढौरा एसएचओ दीदार, बिलासपुर एसएचओ बलबीर, छछरौली एसएचओ पृथ्वी सिंह, छप्पर एसएचओ राय सिंह सहित बिजली निगम के एक्सईएन नीरज कुमार मौके पर पहुंच गए। इस पर किसानों ने कहा कि बिजली निगम के अधिकारी आए तो घर में केवल महिलाएं थीं। महिलाओं ने बताया कि पुरुष बाहर गए हैं और उन्होंने गेट नहीं खोला। इसके बावजूद कर्मचारी दीवार फांदकर अंदर घुस गए।
बिलासपुर बिजली बोर्ड का घेराव कल
किसान यूनियन के जिला उपप्रधान गुरमेज कुपरी ने बताया कि अभी कुछ सब कुछ दिन पहले गांव मंधार में भी इसी प्रकार की घटना हुई थी। जिसमें बिजली कर्मचारी मौके पर अपनी बात कह कर बाद में मुकर गए थे। इसी घटना के संबंध मे आने वाले बुधवार को बिलासपुर बिजली बोर्ड का घेराव किया जाएगा। जिसमें उन्होंने किसानों को ज्यादा से ज्यादा संख्या में पहुंचने की अपील की है।
बिजली निगम के कर्मचारियों को छुड़वाने के लिए पहुंचे अधिकारी। संवाद- फोटो : Yamuna Nagar
बिजली निगम की टीम को बंधक बनाने पर किसानों से बात करते अधिकारी। संवाद- फोटो : Yamuna Nagar