चंडीगढ़ के मेहर चंद महाजन डीएवी कॉलेज फॉर वुमेन में आयोजित इंटर कॉलेज इकोनोमिक्स फेस्ट में शहर के डीएवी गर्ल्स कॉलेज के अर्थशास्त्र विभाग की छात्राओं ने पोस्टर मेकिंग और ब्रेन टीजर में पहला स्थान प्राप्त किया। छात्राओं को ट्रॉफी व प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया। कॉलेज प्रिंसिपल डॉ. आभा खेत्रपाल व वाइस प्रिंसिपल एवं विभाग अध्यक्ष डॉ. मीनू जैन ने विजेता टीम के कालेज पहुंचने पर उनका स्वागत किया और बधाई दी।
प्रिंसिपल ने कहा कि कॉलेज के वार्षिक पुरस्कार वितरण समारोह में छात्राओं को सम्मानित किया जाएगा। डॉ. मीनू जैन ने बताया कि चंडीगढ़ के मेहर चंद महाजन डीएवी कॉलेज फॉर वुमेन में राष्ट्रस्तरीय इंटर कॉलेज इकोनोमिक्स फेस्ट में हरियाणा, पंजाब, चंडीगढ़, हिमाचल प्रदेश सहित अन्य राज्यों की टीमों ने भाग लिया। इसमें कॉलेज के बीए अर्थशास्त्र ऑनर्स अंतिम वर्ष की छात्रा आयुषी ने ब्रेन टीजर में पहला स्थान प्राप्त किया। जबकि बीए अर्थशास्त्र ऑनर्स सेकेंड ईयर की भावना ने पोस्टर मेकिंग में पहला स्थान प्राप्त किया। प्रतियोगिता के दौरान भावना ने विश्व में कोरोना के प्रभाव का चित्रण किया। जिसमें उसने कोरोना वायरस द्वारा पूरे विश्व को अपनी चपेट में लेने के बारे में जानकारी दी। नकारात्मक प्रभाव में कोरोना से मृत्यु दर बढ़ने की स्थिति को दर्शाया। इसमें उसने पर्यावरण संरक्षण, वायु, जल व ध्वनि प्रदूषण में आई कमी के बारे में बताया।