हरियाणा के जगाधरी शहर थाना क्षेत्र की गंगानगर कॉलोनी में मस्जिद के पास बाइक सवार तीन बदमाशों ने पिकअप चालक पर धारदार हथियार से हमला कर एक लाख 39500 रुपये, मोबाइल व पिकअप की चाबी लूट ली। वारदात को अंजाम देकर बदमाश फरार हो गए। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से पुलिस में हड़कंप मच गया।
शहर थाना प्रभारी नरेंद्र राणा अन्य पुलिस कर्मियों के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने आसपास लगे सीसीटीवी खंगाले, लेकिन उसमें कोई बदमाश भागते हुए दिखाई नहीं दिए। जांच के दौरान पास के ही एक खेत से चालक का मोबाइल बरामद हो गया। पुलिस घटना को संदिग्ध मान रही है। पुलिस चालक के बयान के आधार पर जांच कर रही है।
पुलिस को दिए बयान में बब्बू ने बताया कि वह प्रतापगढ़ की माजरी निवासी पवन की पिकअप पर ड्राइवर है। वह शनिवार की सुबह भूखड़ी के पास फैक्ट्री से बुरादा लेकर हनुमान गेट स्थित फैक्ट्री में डालने के लिए गया था। वहां से पेमेंट के एक लाख 39500 रुपये लेकर वह वापस आ रहा था। गंगानगर कॉलोनी स्थित मस्जिद के पास पीछे से बाइक पर तीन बदमाश आए।
बदमाशों ने ओवरटेक कर पिकअप रुकवाई। एक ने पिकअप के अगले शीशे पर राॅड से वार किया। दो बदमाश क्लीनर साइड से पिकअप में आए और डैसबोर्ड पर रखे एक लाख 39500 रुपये, उसका मोबाइल और पिकअप की चाबी लूट ली। विरोध करने पर बदमाशों ने उसकी बाजू पर धारदार हथियार से वार कर घायल कर दिया और फरार हो गए। उसके शोर मचाने पर लोग एकत्रित हो गए।
बाइक सवार कॉलोनी की गलियों से होते हुए आंखों से ओझल हो गए। लोगों ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया। इसकी सूचना पुलिस को दी गई। शहर थाना पुलिस सहित कई पुलिस टीम मौके पर पहुंची। चालक से मामले की जानकारी ली। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी खंगाले, लेकिन घटना को अंजाम देकर भागने वाले बाइक सवार कहीं नजर नहीं आए। चालक का कहना है कि किस हथियार से हाथ पर वार किया है, इसकी जानकारी नहीं है।
पिकअप चालक ने नकदी लूटने की बात कही है। मामले की जांच की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी की फुटेज में कोई बदमाश कैद नहीं है, जिससे लूट की अभी पुष्टि नहीं हो रही है। उसके बयान के आधार पर तफ्तीश की जा रही है।
- नरेंद्र राणा, शहर थाना प्रभारी।