महाराजा अग्रसेन कॉलेज के सामने स्थित एक रिजोर्ट के बाहर खड़ी कार का लॉक तोड़कर चोर पैसों व अन्य सामान से भरा बैग उड़ा ले गए। बैग में 20 हजार रुपये की नकदी, आईडी प्रूफ व कीमती कपड़े थे। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
करनाल की निर्मल विहार कॉलोनी निवासी गौरव कुमार जगाधरी के महाराजा अग्रसेन कॉलेज के समक्ष स्थित एंबीशन रिजोर्ट में रिश्तेदार की शादी में आया था। रात करीब नौ बजे उसने अपनी कार रिजोर्ट के बाहर खड़ी की। रात 11 बजे के करीब लौटा तो कार की खिड़की का लॉक खुला मिला। कार में रखा उसका बैग भी गायब था। जिसमें बीस हजार रुपये की नगदी, कीमती कपड़े, आईडी प्रूफ व महत्वपूर्ण दस्तावेज थे। चोरों ने शीशे के पास से किसी पत्ती के माध्यम से कार का लॉक खोला और इसके बाद वारदात को अंजाम दिया। जांच अधिकारी एएसआई राजीव ने बताया कि चोरों की तलाश की जा रही है।
पशुघर का ताला तोड़ दो भैंसे व कटड़ी चुराई
रादौर के गांव टोपराकलां में चोरों ने पशुघर का ताला तोड़ दो भैंसें व एक कटड़ी चुरा ली। परमजीत कौर ने पुलिस को बताया कि उन्होंने रोजाना की तरह शनिवार की रात को अपने पशुओं को पशुघर के अंदर बांध दिया। सुबह जब वह पशुओं को चाला डालने के लिए गई तो पशुघर का ताला टूटा मिला। पशुघर से उनकी दो भैंसें व एक कटड़ी गायब थी। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ चोरी का मामला दर्जकर कार्रवाई शुरू कर दी है।