जगाधरी पौंटा साहिब नेशनल हाइवे पर बाइक सवार तीन बदमाशों ने बमानकपुर के नजदीक सेल्स मैनेजर से बैग लूटकर फरार हो गये। बैग में नकदी नहीं थी, केवल चेकबुक व एटीएम था। घटना की सूचना पाते ही नवनियुक्त एसपी राजेश कालिया, थाना सदर जगाधरी एसएचओ पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जांच की। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर लिया।
छछरौली निवासी राकेश ने बताया कि वह जगाधरी के एक मॉल में सेल्स मैनेजर है। गुरुवार देर रात काम खत्म कर वह बाइक से अपने घर लौट रहा था। उसके हाथ में एक बैग था। जिसमें चेकबुक, एटीएम कार्ड व अन्य सामान था। जगाधरी-पौंटा नेशनल हाइवे पर मानकपुर स्थित इंडस्ट्रियल एरिया के नजदीक पहुंचा तो पीछे से एक बाइक पर तीन युवक आए। बदमाशों ने पहले तो टक्कर मार कर उसकी बाइक को नीचे गिरा दिया। उसके गिरते ही युवकों ने उसे पकड़ लिया और उसे थप्पड़ मारे। जब उसने युवकों द्वारा की जा रही मारपीट का विरोध किया तो आरोपियों ने उसे धमकी दी। इसके बाद आरोपी उसके हाथ से बैग छीन कर वहां से फरार हो गए। आरोपियों के जाने के बाद उसने इसकी सूचना पुलिस को दी। एसपी राजेश कालिया सहित पुलिस मौके पर पहुंचे और मौके का मुआयना कर नाकाबंदी की। देर रात पुलिस ने अज्ञात युवकों के खिलाफ लूट सहित विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है। थाना सदर जगाधरी प्रभारी का कहना है कि अज्ञात पर केस दर्ज कर लिया है। आरोपियों की तलाश की जा रही है। जल्द ही मामले को सुलझा लिया जाएगा।