साढौरा क्षेत्र के गांव पहाड़ीपुर में रंजिश के चलते कुछ युवकों ने एक युवक पर फायरिंग की, हमले में युवक घायल हो गया। पुलिस ने तीन लोगों को नामजद करते हुए चार अन्य के खिलाफ हत्या के प्रयास के आरोप में केस दर्जकर लिया है। देर शाम तक किसी भी आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया गया था।
गांव पहाड़ीपुर निवासी संजीव ने साढौरा पुलिस को दी शिकायत में बताया कि कुछ दिन पहले उसकी गांव के ही बलिंद्र व मनीष के साथ किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई थी। उस समय अन्य लोगों ने समझा कर मामला शांत करवा दिया। मगर उसके बाद से आरोपी उससे रंजिश रखने लगे। 26 दिसंबर को वह अपने घर पर मौजूद था। इस दौरान बलिंद्र व मनीष ने अपने साथी रोबिन व चार अन्य के साथ मिलकर उस पर लाठियों व डंडों से हमला कर दिया। एक आरोपी ने देसी पिस्तौल निकालकर उस पर फायर कर जान से मारने का प्रयास किया मगर गोली उसे बिना छुए निकल गई। गोली चलने की आवाज सुनकर जब अन्य लोग मौके पर पहुंचे तो आरोपी युवक मौके से फरार हो गए। परिजनों ने उसे गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती करवाया और घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मामले की जांच के बाद तीन आरोपियों को नामजद करते हुए चार अन्य युवकों के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी।