यमुनानगर। शहर के मधु चौक पर चेकिंग के दौरान पुलिस ने लग्जरी एसेंट कार में अवैध रूप से ले जाई जा रही देशी शराब की 50 पेटी बरामद की। पकड़े जाने से पहले आरोपी कार चालक ने कार सहित भागने का प्रयास किया। लेकिन पुलिस ने उसे कुछ दूरी तक पीछा कर दबोच लिया। पुलिस ने आरोपी कार चालक के खिलाफ मामला दर्जकर गिरफ्तार कर कार्रवाई शुरू कर दी है। आरोपी से पूछताछ की जा रही है। बताया जा रहा है कि शराब की सप्लाई यूपी की जानी थी।
शहर थाना के अंतर्गत रामपुरा चौंकी इंचार्ज बलबीर सिंह ने बताया कि सोमवार रात उन्हें गुप्त सूचना मिली थी कि जगाधरी की तरफ से एक लग्जरी कार में अवैध देशी शराब सप्लाई की जा रही है। जो कुछ समय बाद रेलवे रोड के मधु चौक से निकलेंगी। सूचना के आधार पर पुलिस ने मधु चौक पर वाहनों की जांच शुरू कर दी। कुछ देर बाद ही जगाधरी की ओर से एक एसेंट कार आती दिखाई दी। जब पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया गया, तो उसने पुलिस को देखकर गाड़ी भगाने का प्रयास किया।
पुलिस ने उसका पीछा कर कुछ दूरी पर दबोच लिया। कार की जांच करने पर उसकी डिग्गी से देशी शराब की 50 पेटी बरामद की गई। पुलिस ने कार चालक से शराब का परमिट दिखाने के लिए कहा, लेकिन वह परमिट नहीं दिखा पाया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ मामला दर्ज किया। आरोपी ने अपनी पहचान खिजराबाद निवासी योगेश के रूप में बताई। बताया जा रहा है कि यह शराब यूपी में सप्लाई की जानी थी। पुलिस के अनुसार आरोपी से पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामला गंभीर है। अवैध शराब कहां से लाई गई और कहां पर सप्लाई की जानी थी। सभी बातों को लेकर आरोपी से पूछताछ की जा रही है।