बस स्टैंड में रोडवेज जीएम के साथ हुए विवाद के बाद महिला ने बुधवार को एसपी व सीएम विंडो पर शिकायत दी है। जिसमें उन्होंने रोडवेज जीएम, यूनियन प्रधान व अन्य रोडवेज कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई तथा उनके खिलाफ दर्ज झूठे मामले को रद्द करने की मांग की है।
विशाल नगर निवासी रंजना वर्मा ने बताया कि वह शाम चार बजे कार लेकर बस स्टैंड गई थी। जहां पर जीएम व कुछ कर्मियों ने उसे रोका और बदतमीजी शुरू कर दी। आरोप है कि उन्होंने गाली गलौच भी की। उसके बाद भी वह बिना किसी झगड़े के कार लेकर बाहर चली गई और कार को बस स्टेंड के सामने खड़ा कर दिया। इसके बाद बेटे को टिकट दिलवाने के लिए बस स्टेंड में गई थी। आरोप है कि यहां पर डिपो जीएम, यूनियन प्रधान व अन्य कर्मियों ने उससे व उसके बेटे के साथ गाली गलौच शुरू कर दी, उन्हें थप्पड़ मारे और अभद्र भाषा का प्रयोग किया। इसके बाद आरोपियों ने उसे व उसके बेटे को बस स्टैंड पर बने कमरे में बंद कर दिया।उन्होंने शोर भी मचाया, लेकिन किसी ने उनकी मदद नहीं की। इसकी सूचना पुलिस को दी गई। कुछ देर बाद आकर पुलिस ने ताला खुलवाया। बिना महिला पुलिस के ही उसे वं उसके बेटे को हिरासत में ले लिया गया और उन्हें थाने ले जाया गया। उन्होंने जीएम व अन्य के खिलाफ शिकायत दी गई। जिस पर पुलिस ने डीडीआर दर्ज कर ली, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की। इसके बाद जीएम ने शिकायत दी, जिस पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उनके खिलाफ केस दर्ज कर लिया। यह केस पुलिस ने दवाब में आकर की है। इसलिए इस झूठे मामले को रद्द करवाया जाए। साथ ही आरोपियों के खिलाफ उन्हें बंदी बनाने, अभद्र भाषा का प्रयोग करने, छेड़छाड़ करने, सरेआम उन्हें बेईज्जत करने तथा उसके बेटे के साथ मारपीट की कार्रवाई करने की मांग की है।