रादौर मेें दिन दिहाड़े दो बदमाशों ने एक ज्वेलर्स की दुकान पर धावा बोल दिया। हथियारों के बल पर लूट की कोशिश भी हुई। पास ही दुकान करने वाले ज्वेलर्स के भाई के शोर मचाने पर भीड़ एकत्रित हो गई। इसे देख बदमाश भागने लगे। भीड़ ने घेराबंदी कर एक बदमाश को दबोच लिया, जबकि उसका दूसरा साथी मौके से भाग निकला। भीड़ ने दबोचे हुए बदमाश को धुन दिया। सूचना पर पहुंची रादौर पुलिस ने बदमाश को हिरासत में ले लिया है। पुलिस ने मौके से कट्टा और वारदात को अंजाम देने के लिए इस्तेमाल की जा रही कार भी बरामद कर ली है। घटना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। रादौर में पहले भी ज्वलेर्स की दो दुकानों मेें चोरी हो चुकी है।
रादौर पुलिस को दी शिकायत में रादौर निवासी नरेश कुमार उर्फ मित्तू ने बताया कि उनकी कॉलेज रोड पर अमित ज्वेलर्स के नाम से जेवर की दुकान है। वीरवार दोपहर करीब 12 बजे एक कार उनकी दुकान के सामने आकर रुकी। उसमें से एक युवक उतरकर उनकी दुकान के अंदर आया। युवक ने उनसे सोने की अंगूठी दिखानेे के लिए कहा। नरेश युवक को अंगूठी दिखाना शुरू किया तो कार में बैठा एक अन्य युवक उतरकर उनकी दुकान में आ गया। उसने नरेश पर कट्टा तान दिया। युवकों ने जबरन नरेश के गले में पड़ी सोने की चेन छीन ली और उसे अन्य जेवर देने के लिए कहा। उसी समय नरेश की दुकान के पास ही दुकान करने वाले उसके भाई ने खतरे को भांप लिया और बाहर निकल कर शोर मचा दिया। शोर सुनकर आसपास के लोगों ने नरेश की दुकान की तरफ दौड़ लगा दी। भीड़ को अपनी ओर आता देख बदमाश मौके से भागने लगे। इस पर लोगों ने उनमें से एक युवक को दबोच लिया। दूसरा युवक मौके से भाग गया। थाना रादौर प्रभारी ज्ञानचंद ने बताया कि मौके से पकड़े गए युवक ने अपना नाम अमित निवासी गांव पाड़ा (असंध) बताया है। दूसरा युवक सढ़ौरा का बताया जा रहा है। पकड़े गए युवक के विरुद्ध विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा।