हरियाणा के यमुनानगर जिले में बिलासपुर थाना क्षेत्र में एक युवती ने विशेष समुदाय के युवक पर जबरन निकाह करने और बंधक बनाकर एक साल तक दुष्कर्म का आरोप लगाया है। पुलिस को दी शिकायत में बताया कि आरोपी ने चेहरे पर तेजाब डालने की धमकी देकर न सिर्फ खुद दुष्कर्म किया बल्कि भाइयों और रिश्तेदारों से भी संबंध बनाने के लिए मजबूर किया। किसी तरह जान बचाकर वह पुलिस के पास पहुंची। शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है।
युवती ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि एक साल पहले सुल्तान नामक युवक उसके साथ पढ़ता था। इस दौरान वह उसका पीछा करने लगा और जबरन दोस्ती करने का दबाव बनाने लगा। फिर आरोपी ने उसके चेहरे पर तेजाब डालने का डर दिखाकर उसके साथ कई बार दुष्कर्म किया। 13 अगस्त 2020 को आरोपी ने उसे मिलने के लिए बुलाया था। वहां पर आरोपी के साथ उसके भाई रियाज व सुलेमान भी थे। आरोप है कि उसे नशीला पदार्थ सुंघाकर वे सुनसान जगह पर ले गए, जहां पर उसके साथ जबरन निकाह किया।
यह भी पढ़ें ः सोनीपत: पत्नी की गला दबाकर हत्या कर पति फरार, तीन दिन पहले किराए के मकान में रहने आए थे दोनों
किराए के मकान में बंधक बनाकर रोजाना करते थे दुष्कर्म
डरा धमकाकर कोरे कागज पर साइन भी करा लिए। यही नहीं हाथ पर जबरदस्ती टैटू गुदवाया और उसका धर्म परिवर्तन करा दिया। फिर आरोपी उसे अपने साथ हिमाचल प्रदेश के पांवटा साहिब में लेकर गए, जहां किराए के मकान में बंधक बनाकर रोजाना दुष्कर्म करते रहे।
चाकू दिखाकर जान से मारने की देते थे धमकी
जब वह विरोध करती तो उसे चाकू दिखाकर जान से मारने की धमकी देते थे। आरोप है कि वहां पर आरोपी के भाई व अन्य रिश्तेदार भी आते रहते थे। वह भी उसके साथ दुष्कर्म करते थे। चार दिसंबर को मौका पाकर वह वहां से भाग निकली। इसकी भनक लगने पर आरोपियों ने उसे पीछा कर रास्ते में पकड़ लिया, लेकिन लोगों के एकत्र होने पर छोड़कर फरार हो गए। उसने वहां एक व्यक्ति का मोबाइल लेकर अपनी चाची को फोन किया और आपबीती बताई। उसकी चाची उसे वहां से लेकर आई। इसके बाद इसकी शिकायत महिला थाना पुलिस को दी गई।
महिला थाना पुलिस ने मामले में आरोपी सुल्तान, रियाज व सुलेमान को नामजद करते हुए अन्य पर केस दर्ज कर लिया है। महिला थाना प्रभारी शीलावंती का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।