फर्नीचर कंपनी के संचालक नितिन कुमार से एक व्यक्ति ने उधार लिए तीन लाख रुपये चुकाने के लिए अपने पिता के नाम का चैक दिया। जब नितिन ने चैक बैंक में लगाया तो इस नाम का बैंक में कोई अकाउंट नहीं पाया गया। जांच में चेक फर्जी पाया गया। नितिन ने आरोपी से इस बारे में बातचीत की और अपने पैसे वापस मांगे, लेकिन आरोपी ने नकदी वापस नहीं दी। परेशान होकर उसने इसकी शिकायत पुलिस को दी। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्जकर कार्रवाई शुरू कर दी है।
प्यारा चौक स्थित साक्षी फर्नीचर के संचालक नितिन कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि माडल कॉलोनी निवासी हरदीप ने 18 फरवरी को उससे तीन लाख रुपये उधार लिए थे। आरोपी ने उसे जल्द ही उसका उधार चुकता करने की बात कहीं थी। काफी समय बीतने के बाद आरोपी ने उससे उधार लिए पैसे नहीं लौटाए। जब उसने आरोपी से पैसे मांगे तो आरोपी ने उसे अपने पिता के नाम का तीन लाख रुपये का चेक उसे दे दिया। उसने चेक बैंक में लगाया और घर आ गया। लेकिन तीन-चार दिन बीतने पर भी अकाउंट में पैसे नहीं आए तो उसने बैंक अधिकारियों से इस बारे में बातचीत की। बैंक अधिकारियों ने जब चेक की जांच की तो उस नाम व अकाउंट नंबर का खाता बैंक में नहीं पाया गया।
जांच करने पर चेक फर्जी पाया गया। उसने तुरंत इस बारे में आरोपी हरदीप से बातचीत की, लेकिन आरोपी ने उससे कोई संतोषजनक बातचीत नहीं की। उसने इसकी शिकायत पुलिस को दी। पुलिस ने मामले की जांच के बाद आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी सहित विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्जकर कार्रवाई शुरू कर दी है। जांच अधिकारी एएसआई जसबीर सिंह का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।