जोड़िया गुरुद्वारे के पास फल विक्रेता को गोली मारने के मामले में सीआईए पुलिस ने एक आरोपी को पकड़ लिया है
जबकि उसका एक अन्य साथी अभी गिरफ्त से बाहर है। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि 18 सितंबर की रात करीब 9:30 बजे जोड़िया गुरुद्वारे के पास फल विक्रेता सुशील कुमार पर दो बाइक सवार युवकों ने गोली चलाकर उसकी हत्या करने का प्रयास किया था।
थाना फर्कपुर पुलिस ने धारा 307, 34 आईपीसी व शस्त्र अधिनियम के तहत केस दर्ज किया था। इसकी जांच डिटेक्टिव स्टाफ के प्रभारी निरीक्षक संदीप कुमार को सौंपी गई। निरीक्षक संदीप कुमार ने पुलिस टीम का गठन कर आरोपियों को पकड़ने की कार्रवाई शुरू की।
पुलिस टीम ने सूचना के आधार पर बताए गए स्थान से वारदात में शामिल आरोपी कैंप की जैन कॉलोनी निवासी सुनील कुमार उर्फ सन्नी को वारदात में प्रयोग किए देसी कट्टे व बाइक समेत काबू कर लिया।
पुलिस प्रवक्ता ने कहा कि वारदात में शामिल अन्य आरोपी हन्नी उर्फ गंजा निवासी कैंप यमुनानगर को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। आरोपी सुनील कुमार उर्फ सन्नी को कोर्ट में पेश कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।