आजादनगर की गली नंबर-4 के नीरज की हत्या के मामले में भड़के परिजनों सहित करीब 500 लोग वीरवार को सड़क पर उतर आए। गुस्साए लोगों ने सुबह पहले पूरे आजादनगर में बाजार बंद कराया। फिर शवयात्रा लेकर जगाधरी अनाजमंडी की ओर चल दिए, जहां राज्यस्तरीय अग्रसेन जयंती समारोह में सीएम खट्टर को आना था। प्रदर्शनकारी एनएच-73-ए (चंडीगढ़-रुड़की) पर पहले हुडा सेक्टर-17 मोड़ और फिर सीएम कार्यक्रम स्थल के बाहर शव रख बैठ गए। इससे पुलिस प्रशासन के हाथ-पांव फूल गए। सभी थाना-चौकी प्रभारी समेत डीएसपी ने मौके पर पहुंचकर लोगों का समझाने का प्रयास किया, किंतु जाम लगाकर बैठे मृतक के परिजन हत्यारोपियों की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े रहे। बाद में मौके पर पहुंचे एसपी मनीष चौधरी ने परिजनों को आरोपियों की गिरफ्तारी का आश्वासन दिया। इस पर परिजन व अन्य लोग शांत हुए और जाम खोल दिया गया। बाद में पुलिस निगरानी में शव का संस्कार कर दिया गया।
सोमवार रात को अजादनगर में सट्टे के विरोध में दो गुटों में झगड़ा हो गया था। आजाद नगर गली नंबर 4 निवासी 22 वर्षीय नीरज व उसके दोस्त भोला और सूरज की सट्टे का विरोध करने को लेकर कुछ लोगों से बहस हो गई थी। बहस बढ़ने पर करीब आधा दर्जन लोगों ने नीरज, भोला व सूरज पर तेजधारदार हथियारों से हमला कर दिया। तीनों घायलों को अस्पताल ले जाया गया जहां से नीरज को पीजीआई रेफर कर दिया गया। मंगलवार देर रात उपचार के दौरान नीरज की मौत हो गई। पुलिस ने इसमें चार को नामजद करते हुए आधा दर्जन लोगों पर केस दर्ज किया है। हत्यारोपियों की गिरफ्तारी को लेकर गुरुवार को के मृतक के परिवार व सगे-संबंधियों समेत कॉलोनी के करीब 500 लोग नीरज का शव लेकर सड़क पर आ गए।
गुस्साए लोगों ने पहले पूरे अजादनगर में बाजार बंद कराया और शव जगाधरी अनाजमंडी में सीएम कार्यक्रम स्थल पर जाने का फैसला लिया। आजादनगर से नीरज के शव को कंधों पर उठाए चार लोगों समेत सभी पुलिस व प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए शास्त्री कॉलोनी से होकर शहर के मुख्य मार्ग रेलवे रोड पहुंचे। यहां से मधु चौक से गोबिंदपुरी मार्ग और एनएच-73 पर कन्हैया साहिब चौक से हुडा सेक्टर-17 मोड तक पहुंच गए। यहां पुलिस के रोकने पर लोग सड़क पर शव रखकर बैठ गए। सूचना पाकर पहुंचे डीएसपी आदर्शदीप सिंह ने लोगों का समझाने का प्रयास किया। लोग कुछ देर बाद शव को उठाकर जगाधरी अनाज मंडी की ओर बढ़ गए और सीएम कार्यक्रम स्थल (यहां अग्रसेन जयंती समारोह होना था) से कुछ दूरी पर ही शव रखकर हाईवे पर बैठ प्रदर्शन शुरू कर दिया। मौके पर पहुंचे एसपी मनीष चौधरी के काफी समझाने और हत्यारोपियों की गिरफ्तारी के आश्वासन पर लोगों ने जाम खोल दिया।