अमर उजाला ब्यूरो
बिलासपुर।
कपाल मोचन स्थित गुर्जर धर्मशाला के गोपाल मंदिर में चोरों ने दान पात्रों को तोड़ कर हजारों रुपये की नकदी पर हाथ साफ कर लिया। जाते समय चोर धर्मशाला में खड़ी में बाइक ले गए। सूचना मिलते ही पुलिस ने घटना स्थल का दौरा किया। सीन ऑफ क्राइम की टीम ने भी घटना स्थल से साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज में जांच करने का प्रयास किया तो धर्मशाला में लगे कैमरे बंद मिले। प्रतिदिन सुबह गोपाल मंदिर में पूजन करने आने वाले सेवक रमेश गुर्जर जैसे ही सुबह 5 बजे मंदिर में पूजा करने पहुंचे तो उन्होंने मेन गेट के छोटे दरवाजे को खुला पाया। जब वह गोपाल मंदिर में गए तो देखा कि मंदिर के गल्ले गायब है। रमेश ने धर्मशाला के रसोईयों को जगाया और प्रधान को मामले की सूचना दी। प्रधान ने मामले की सूचना पुलिस को दी।
धर्मशाला के प्रधान रणधीर सिंह ने बताया कि सोमवार को धर्मशाला का स्थापना दिवस था समाज के लोग काफी संख्या में दिन के समय धर्मशाला में आए हुए थे। रात्रि को उनके 2 रसोइया व 6 आदमी उत्तर प्रदेश के जो गांवों में जाकर सिलाई मशीन ठीक करने का कार्य करते है वह ठहरे हुए थे। रसोइयां भी दिन में अधिक काम होने के कारण थकान के कारण करीब 10 बजे सो गए थे।
चोर पीछे से दिवार फांदकर धर्मशाला के अंदर दाखिल हुए और चोरी की घटना को अंजाम दिया। जाते समय धर्मशाला में ठहरे लोगों की हीरो बाइक भी मेन गेट के छोटे दरवाजे से निकालकर ले गए। पुलिस की छानबीन में टूटे हुए गल्ले मंदिर के पीछे से मिले।
थाना प्रभारी सुनीश कुमार ने बताया कि अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई आरंभ कर दी है। चोरों की तलाश की जा रही है। कपालमोचन के धार्मिक संस्थान संचालकों की मीटिंग जल्द लेंगे और सभी को अपने अपने संस्थानों में सीसीटीवी लगवाने व बाहर से आकर ठहरने वाले लोगों के आधार कार्ड व अन्य दस्तावेज देख लेने के बाद ही ठहरने की हिदायत देंगे।