शादी समारोह से चंडीगढ़ जा रहा था लेफ्टिनेंट, तीन बदमाशों ने पिस्तौल के दम पर कार, नकदी व मोबाइल लूटा
नींद आने पर हाइवे किनारे कार साइड में लगाकर सो रहा था लेफ्टिनेंट
कान्हड़ी खुर्द के पास की घटना, पुलिस ने तीन अज्ञात युवकों पर किया केस दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो
यमुनानगर। सहारनपुर में रिश्तेदारी में आयोजित शादी समारोह से चंडीगढ़ जा रहे इंडियन आर्मी के लेफ्टिनेंट से तीन बदमाशों ने गन प्वाइंट पर आई-20 कार, 12 हजार की नकदी, तीन एटीएम व मोबाइल लूट लिया। बदमाश बरवाला से चोरी की गई टोयटा कार को मौके पर छोड़ गए। लेफ्टिनेंट ने इसकी शिकायत छप्पर थाना पुलिस को दी। पुलिस ने लेफ्टिनेंट की शिकायत पर तीन अज्ञात युवकों के खिलाफ लूट का मामला दर्जकर कार्रवाई शुरू कर दी है।
जगाधरी के हुडा सेक्टर 17 निवासी भानू प्रताप ने बताया कि तीन माह पहले ही वह इंडियन आर्मी में लेफ्टिनेंट पद पर भर्ती हुआ था। इन दिनों उसकी रूड़की में ट्रेनिंग चल रही है। वहां से वह दस दिनों की छुट्टी पर घर आया हुआ था। मंगलवार को वह सहारनपुर स्थित रिश्तेदारी में शादी समारोह में गया था। शादी के बाद देर रात को वह वहां से चंडीगढ़ के लिए अपनी आई-20 कार में सवार होकर निकल लिया। नेशनल हाईवे से होते हुए जब वह छप्पर थाना क्षेत्र के गांव कान्हड़ी खुर्द के पास पहुंचा तो उसे नींद आने लगी। उसने कार को सड़क किनारे लगा लिया और कार के शीशे बंद करके सो गया। अलसुबह करीब सवा पांच बजे तीन युवक उसकी कार के पास आए। एक युवक ने शीशे पर हाथ मारकर उसे उठने को बोला। जैसे ही उसने आरोपी से बात करने के लिए शीशा खोला तो उसने उसकी कनपटी पर पिस्तौल तान दी और कार से नीचे उतरने को बोला। उसके कार के नीचे उतरते ही आरोपियों ने उसके जेब से उसका मोबाइल, पर्स लूट लिया। पर्स में 12 हजार की नकदी, तीन एटीएम, उसका आई कार्ड व अन्य सामान था। इसके बाद आरोपी उसे धक्का देकर उसकी कार लूट कर वहां से फरार हो गए। इस दौरान आरोपी मौके पर एक टोयटा कार छोड़ गए। उसने इसकी सूचना छप्पर थाना पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच की और मौके पर खड़ी कार को कब्जे में लिया। जांच में पता चला कि यह कार बरवाला से चोरी की हुई है। पुलिस ने मामले में तीन अज्ञात युवकों पर केस दर्जकर कार्रवाई शुरू कर दी है। छप्पर थाना प्रभारी रमेश चंद का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।