अमर उजाला ब्यूरो
नारनौल। सीआईए पुलिस नारनौल ने गत 30 मई की सायं को किला रोड नारनौल पर हुए झगड़े में मनदीप सिंह को लाठी डंडो में मारकर बुरी तरह घायल करने के आरोपी मोहल्ला फ्रांसखाना निवासी विनय उर्फ बाने पुत्र अमर सिंह को सोमवार को नारनौल कोर्ट से गिरफ्तार किया। उसे कोर्ट में पेश कर दो दिन के रिमांड पर लिया गया। रिमांड के दौरान पुलिस ने आरोपी के पास से एक देश कट्टा बरामद किया। रिमांड अवधि खत्म होने पर पुलिस ने बुधवार को आरोपी फिर से न्यायालय में पेश किया। जहां न्यायालय में आरोपी को 14 दिन के लिए नसीबपुर जेल भेज दिया।
पुलिस प्रवक्ता नरेश कुमार ने बताया कि मनदीप सिंह निवासी मोहल्ला दसमेश नगर गत 30 मई को नारनौल के किला रोड पर चाट पकोड़े की दुकान पर अपने भाई हरमन सिंह के साथ खड़ा था। इसी दौरान आरोपी विनय उर्फ बाने अपने साथियों रवि, नवीन, मोनू व सूर्य के साथ आया और अचानक दोनों भाइयों पर लाठियों से हमला कर दिया। इसमें मनदीप बुरी तरह घायल हो गया। जिसका बहरोड़ के एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस पीड़ित की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ थाना शहर नारनौल में मुकदमा दर्ज किया गया। पीआरओ ने बताया कि रिमांड के दौरान आरोपी ने बताया की सात मई को नारनौल पीजी कॉलेज में उनका किसी के साथ झगड़ा हो गया था। जिसमें मनदीप सिंह ने जबरदस्ती बीच में आकर दूसरे पक्ष छुड़वाया था। तब से उनकी दुश्मनी मनदीप से हो गई थी। इसी वजह से उन्होंने मनदीप व उसके भाई को बुरी तरह मारा। रिमांड के दौरान ही आरोपी ने अपने मकान में एक देशी कट्टा छुपाने की बात कबूली। जिसे पुलिस ने आरोपी के बताए अनुसार देशी कट्टा आरोपी के घर से बरामद कर उसके खिलाफ अवैध हथियार रखने का मुकदमा भी थाना शहर नारनौल में दर्ज किया गया। पुलिस के अनुसार उक्त आरोपी पर पहले भी कई मामले दर्ज हैं।