बैंक के पास गिरवी जमीन को बेचने के नाम पर हड़पे 78 लाख
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ किया धोखाधड़ी का केस दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो
यमुनानगर। माडल कॉलोनी निवासी एक व्यक्ति ने बैंक से लोन लेकर गिरवी रखी गई जमीन को बेचने के नाम पर 78 लाख रुपये हड़प लिए। पीड़ित व्यक्ति को जब इस बात का पता चला तो उसने आरोपी से अपने पैसे वापस मांगे, लेकिन आरोपी ने पैसे देने से मना कर दिया। परेशान होकर उसने इसकी शिकायत शहर पुलिस को दी। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्जकर कार्रवाई शुरू कर दी है।
बलाचौर निवासी लखप्रीत सिंह ने शहर पुलिस दी शिकायत में बताया कि वर्ष 2011 में उसके पिता का मॉडल कॉलोनी निवासी नेत्रप्रकाश से संपर्क हुआ। तब आरोपी उनके गांव में रहता था। उसने उन्हें यूपी में खेती लायक जमीन दिलाने की बात कही। जमीन पसंद आने पर उनके पिता ने 78 लाख रुपये के दो चेक दे दिए। एक चैक 40 लाख तो दूसरा चैक 38 लाख रुपये का था। उसने यह पैसा अपने निजी काम में लगा दिया। लेकिन उन्हें कोई जमीन नहीं दिलाई। इसके बाद पंचायत हुई और उन्होंने पैसे वापस मांगे। इस पंचायत में नेत्रप्रकाश ने उन्हें शहर के पुराना हमीदा में दो प्लाट देने का वादा किया। बात तय हो गई। लेकिन बाद में उन्हें पता चला कि जो प्लाट उन्हें दिए गए हैं उन पर तो साल 2002 में बैंक से लोन लिया हुआ है। इसका उन्हें पता चला तो उन्होंने शिकायत पुलिस को दी। पुलिस ने इकोनामिक्स सेल द्वारा मामले की जांच करवाई। जांच के बाद पुलिस ने आरोपी नेत्रपाल के खिलाफ धोखाधड़ी के आरोप में केस दर्जकर कार्रवाई शुरू कर दी है।