नाले से कब्जा हटाने की कोशिश पर टीम से मारपीट, अभद्रता
अमर उजाला ब्यूरो
यमुनानगर। बुड़िया क्षेत्र के गांव बड़ा दमोपुरा में पंचायती नाले से कब्जा हटाने पहुंची टीम से मारपीट और अभद्रता की गई। आरोपियों ने सरकारी संपत्ति को नुकसान भी पहुंचाया। इसकी शिकायत पर पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
छछरौली बीडीपीओ दिनेश कुमार शर्मा ने बुड़िया पुलिस को बताया कि उन्हें बड़ा दमोपुरा पंचायत की ओर से सूचना मिली थी कि गांव में नरेश कुमार अपने घर के आगे नाला तोड़कर स्लैब बना लिए हैं। स्लैब नाले के लेवल से नीचे तक है, इससे नाला बंद हो गया। पानी निकासी व्यवस्था भी ठप हो गई। नतीजतन गंदा पानी गांव की सड़कों पर फैल रहा है। सूचना पर उन्होंने मौके का मुआयना किया। उन्होंने पहले आरोपी व्यक्ति को नोटिस देकर नाले को खोलने के निर्देश दिए, लेकिन आरोपी व्यक्ति ने नाले को नहीं खोला। 24 जून को वे ग्राम सचिव के साथ नाले से कब्जा हटवाने के लिए गांव में गए थे। आरोप है कि, इस दरम्यान जब उन्होंने नाले पर बनी स्लैब को हटवाने की कोशिश की तो आरोपी नरेश कुमार ने अपने पिता सुमेर चंद व बेटे रविंद्र कुमार के साथ मिलकर उनसे मारपीट की, गाली-गलौज कर सरकारी काम में बाधा पहुंचाई। आरोपियों ने इस दौरान उन्हें जान से मारने की भी धमकी दी। उन्होंने इसकी शिकायत बुड़िया पुलिस को दी। पुलिस ने मामले में आरोपी नरेश, सुमेर चंद व रविंद्र के खिलाफ मारपीट, अभद्र व्यवहार, सरकारी काम में बाधा पहुंचाने, जान से मारने की धमकी देने, सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के आरोप में रिपोर्ट दर्जकर कार्रवाई शुरू कर दी है। जांच अधिकारी एएसआई मेहमा सिंह का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।