गोतस्करी के अंतरराज्यीय गिरोह के चार सदस्य गिरफ्तार, सरगना भागा
अमर उजाला ब्यूरो
यमुनानगर। हरियाणा-यूपी में गोतस्करी करने और चोरी, डकैती को अंजाम देने वाले अंतरराज्यीय गिरोह के चार सदस्यों को जिला पुलिस के डिटेक्टिव स्टाफ ने गिरफ्तार करने में कमयाबी पाई है। हालांकि, गिरोह का सरगना भागने में कामयाब रहा। पुलिस का दावा है कि, पांचों गांव छलौर के सूने मकान में रॉयल्टी नाके पर डकैती की योजना बना रहे थे, जहां से चार आरोपियों को देसी कट्टे और अन्य हथियारों सहित काबू कर लिया गया।
डिटेक्टिव स्टाफ के इंचार्ज इंस्पेक्टर प्रदीप राणा के मुताबिक, गांव काटरवाली निवासी मुम्तियाज, छोटा लापरा निवासी मोमिन उर्फ काला, इकराम उर्फ काला, मीर हसन और शहजाद थाना सदर यमुनानगर के माइनिंग रॉयल्टी नाका पर एकत्रित होने वाले कैश की डकैती बारे योजना बना रहे हैं। पांचों आरोपी हथियारों से लैस होकर छलौर गांव में बंद पड़े सूने मकान में डकैती की योजना बना रहे हैं। इस पर इंस्पेक्टर प्रदीप राणा ने सब इंस्पेक्टर जयपाल, एएसआई प्रेमचंद, एएसआई अशोक कुमार, हेड कांस्टेबल उमेश कुमार, सुखदेव, सिपाही गोबिंद, शीश पाल, सोहन और गुरदीप की टीम ने मकान पर छापा मारा तो सरगना मुम्तियाज भाग गया, जबकि बाकी चारों आरोपियों को काबू कर लिया गया। इनके पास से एक देसी कट्टा, एक जिंदा रौंद सहित शहजाद से डंडा, वीर हसन से गंडासी टार्च व इकराम से लोहे का सरिया बरामद किया गया। चारों आरोपियों के खिलाफ आर्म एक्ट सहित अन्य धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया। वहीं प्रारंभिक जांच में पता चला है कि चारों पर 30 से अधिक केस दर्ज हैं। साथ ही चारों गोतस्करी से जुड़े अंतरराज्यीय गिरोह के सदस्य हैं, जो हरियाणा-यूपी में गोतस्करी करते-करते वाहन और घरों में चोरी- डकैती की वारदातों को अंजाम देने लगे।
अमीर बनने की चाह में पकड़ ली गलत राह
एसपी राजेश कालिया ने अपने कार्यालय में प्रेस कांफ्रेंस में बताया कि यह एक अंतरराज्यीय गिरोह है, जो यमुनानगर सहित हरियाणा के अन्य जिलों और यूपी में मुख्य रूप से गोतस्करी से जुड़ा था। आरोपी शुरुआत में गोतस्करी करते थे और अमीर होने की चाह में वाहन, घरों में चोरी सहित डकैती जैसी वारदात को करने लगे। कुरुक्षेत्र, अंबाला, करनाल और प्रदेश के अन्य जिलों में भी इन पर चोरी, हत्या के प्रयास, लूट और डकैती के मामले दर्ज हैं। चारों को रिमांड के दौरान पूछताछ कर इनके सरगना को गिरफ्तार करने सहित चोरी, लूट व डकैती जैसी मामलों में रिकवरी करने का प्रयास किया जाएगा।