10 लाख के लिए विवाहिता को मार डाला, जाम लगाया
अमर उजाला ब्यूरो
यमुनानगर/जठलाना। गांव मॉडल टाउन करहेडा में एक विवाहिता को दहेज के लिए मौत के घाट उतार दिया गया। इसकी जानकारी पर गुस्साए मृतका के परिजनों ने शव सहारनपुर-कुरुक्षेत्र मार्ग स्थित त्रिवेणी चौक पर जाम लगा दिया। पुलिस के ससुरालवालों पर रिपोर्ट दर्ज करने के बाद मृतका के मायकेवालों ने जाम खोला। इस बीच तकरीबन दो घंटे तक यातायात बाधित रहा।
गांव दौसडका निवासी विक्रम ने बताया कि 12 जून 2015 को उसकी बहन रमनदेवी की शादी गांव मॉडल टाउन करहेडा निवासी मनदीप सिंह के साथ हुई थी। शादी में उन्होंने अपनी हैसियत से बढ़कर दहेज दिया था। विक्रम का कहना है कि, शादी मेें उनसे कार दिए जाने की मांग की गई थी, लेकिन वे मोटरसाइकिल ही दे पाए। इससे उसकी बहन रमनदेवी के ससुराल पक्ष के लोग उसे दहेज की मांग को लेकर आए दिन तंग करते थे। इस कारण 20 जनवरी को वह अपनी बहन रमन देवी को अपने घर दो सड़का ले गए थे। दो हफ्ते पहले उसकी बहन के ससुर गुलाब सिंह कुछ लोगों के साथ उनके घर आए और उनकी बहन को तंग न करने का आश्वासन देकर अपने साथ मॉडल टाउन करहेडा गांव ले गए थे। उसकी बहन के ससुराल में जाने के बाद उसके पति मनदीप सिंह, सास कमला देवी, ससुर गुलाब सिंह, जेठ सुनीत कुमार, जेठानी सरिता, नंनदोई मास्टर सुरेंद्र कुमार निवासी हरिपुर जाटान व ननद सुषमा ने दहेज की मांग को लेकर उनसे 10 लाख रुपये मांगे। वह उनकी मांग पूरी नहीं कर पाए। आरोप है कि इस कारण उनकी बहन रमनदेवी की ससुराल के लोगों ने गला दबाकर हत्या कर दी। इसकी जानकारी पर मॉडल टाउन करहेडा से आए मृतका के मायकेवालों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर आई पुलिस जांच-पड़ताल कर शव को सिविल अस्पताल ले जाने लगी। लेकिन मृतका के परिजन ससुराल पक्ष के खिलाफ दहेज हत्या का मामला दर्ज करने पर अड़ गए। इसके बाद परिजन शव को लेकर त्रिवेणी चौक पर आ गए और एसके हाईवे के बीच में रखकर जाम लगा दिया। सूचना पर आए डीएसपी मदनलाल, एसएचओ जठलाना व रादौर ने उन्हें समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे टस से मस नहीं हुए। करीब दो घंटे बाद पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ दहेज हत्या का मामला दर्ज कर लिया। इसके बाद परिजन शव लेकर अपने गांव चले गए।
बेटी होने पर ताने देने का आरोप
विक्रम ने बताया कि उसकी बहन रमनदेवी ने एक बेटी को जन्म दिया था। जिससे खफा होकर ससुराल पक्ष के लोग आए दिन उसे ताने देते थे और उसके साथ मारपीट करते थे। इससे उसकी बहन बहुत परेशान थी और आए दिन फोन पर उन्हें तंग किए जाने की बात बताती थी। वीरवार की रात को भी उसकी बहन ने उन्हें फोन करके मारपीट किए जाने की बात बताई थी। शुक्रवार की दोपहर को साजिश के तहत उसकी बहन के ससुराल पक्ष के लोगों ने हत्या कर दी।