नौकरी के नाम पर युवाओं के रुपये हड़पने वाले तीनों आरोपियों को कोर्ट ने भेजा जेल
फॉलोअप...
- नेटवर्किंग से जोड़ कर युवाओं को कपड़ा बेचने के लिए करते थे मजबूर
संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। नौकरी के लिए नेटवर्किंग टीम से जोड़ कर युवाओं से लाखों रुपये ठगने वाले जींद के पुलिया कलां निवासी संदीप मलिक, जिला भठिंडा के गांव गंगा नथाना निवासी रणदीप सिंह और पंजाब के जिला जालंधर के गांव आर्यनगर महला निवासी विकास को पुलिस ने रविवार को कोर्ट में पेश किया। तीनों आरोपियों को कोर्ट ने न्यायिक हिरासत में भेज दिया। आर्थिक अपराध शाखा द्वारा इस मामले की जांच की जा रही है। इस गिरोह में और कौन-कौन लोग शामिल है उसका पता किया जाएगा।
संदीप मलिक, रणदीप सिंह व विकास युवाओं को नेटवर्किंग से जोड़ते थे। वह जितने ज्यादा युवाओं को नेटवर्किंग से जाड़ेंगे उसी हिसाब से उन्हें कमीशन मिलता था। रोजगार के लालच में युवा उनके साथ जुड़ने में देर नहीं करते थे। इसके लिए वह एक युवक से 50 हजार से एक लाख रुपये तक लेते थे। इसके बदले में उन्हें बेचने के लिए ब्रो-प्रो नाम के ब्रांड का कपड़ा बाजार में बेचने के लिए दे दिया जाता था। जो युवक कपड़ा बेचने में लगते थे उन्हें अन्य युवाओं को कंपनी के साथ जोड़ना होता था। काफी युवक तो ऐसे हैं जो टारगेट पूरा न होने पर काम को ही छोड़ गए।
बाक्स
यह था पूरा मामला
प्रदेश समेत विभिन्न जगहों से आए युवाओं ने पिछले दिनों सेक्टर-17 स्थित एससीओ में हेडवे रन प्राइवेट कंपनी के कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया था। तब पुलिस ने आरोपियों पर कार्रवाई करने की बजाय प्रदर्शन कर रहे युवाओं पर ही विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर लिया था। कुछ दिन बाद सोनीपत निवासी पवन कुमार ने थाने में शिकायत दी कि रोजगार के लिए वह मोहित से मिला था। मोहित ने उसे 25 हजार रुपये वेतन दिलाने की बात कह कर हेडवे रन प्राइवेट लिमिटेड में नौकरी दिलाने की बात कही थी। वह मोहित के साथ कंपनी के कार्यालय में पहुंचा तो वहां उससे एक लाख रुपये मांगे गए। वहां उसे कमीशन व युवाओं को अपने साथ जोड़ने के बारे में बताया गया। परंतु रुपये देने के बावजूद उसे नौकरी नहीं दी गई और न ही रुपये वापस दिए गए। इसी दौरान उसे पता चला कि कंपनी सेक्टर-17 में डायरेक्ट सेलिंग के रूप में काम कर रही है। जिस पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए शिकायत पर हेडवे रन प्राइवेट कंपनी लिमिटेड प्लाट नंबर 27 सेक्टर-26 इंडस्ट्रियल एरिया भिवानी के एमडी आनंद राठी, सतनाम सिंह एमडी, सविता, रणदीप सिंह भठिंडा, विकास, सोनीपत के महावीर नगर निवासी मोहित कोटक, हांसी निवासी गौरव बधावा, जींद निवासी संदीप व करनाल निवासी पंकज पर केस दर्ज कर लिया।