यमुनानगर। हरियाणा सरकार की एकमुश्त प्रॉपर्टी टैक्स बकाया जमा करने पर 100 प्रतिशत ब्याज माफी योजना का अधिक से अधिक लाभ लोगों तक पहुंचाने के लिए नगर निगम ने विशेष व्यवस्था की है। आगामी 27, 28 और 29 जून को लगातार सरकारी अवकाश होने के बावजूद नगर निगम के तीनों कार्यालय और नागरिक सुविधा केंद्र (सीएफसी) सामान्य कार्य दिवसों की तरह खुले रहेंगे। इन दिनों प्रॉपर्टी टैक्स जमा कराने के साथ-साथ एनडीसी (नो ड्यूज सर्टिफिकेट) से संबंधित सभी कार्य भी किए जाएंगे। यह जानकारी मेयर सुमन बहमनी ने दी।
मेयर ने बताया कि 30 जून इस योजना का अंतिम दिन है, जबकि 27 जून शनिवार, 28 जून रविवार और 29 जून संत कबीर दास जयंती के कारण अवकाश रहेगा। ऐसे में नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए निगम प्रशासन ने अवकाश के दिनों में भी कार्यालय खोलने का निर्णय लिया है। संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को इन दिनों अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने के निर्देश जारी कर दिए गए हैं। कई संपत्ति मालिकों ने प्रॉपर्टी आईडी में त्रुटियों और कमियों को दूर करने के लिए आपत्तियां दर्ज करवाई हुई हैं। इनका समयबद्ध निस्तारण करने के लिए एनडीसी शाखा से जुड़े अधिकारी व कर्मचारी भी अवकाश के दिनों में कार्य करेंगे, ताकि नागरिक बिना किसी परेशानी के योजना का लाभ उठा सकें।
मेयर सुमन बहमनी ने शहरवासियों से अपील करते हुए कहा कि अंतिम दिन भीड़ से बचने के लिए लोग छुट्टियों के दौरान ही अपना बकाया प्रॉपर्टी टैक्स जमा कराएं। इससे उन्हें सरकार की ब्याज माफी योजना का पूरा लाभ मिलेगा। वर्ष 2010-11 से 2024-25 तक के बकाया प्रॉपर्टी टैक्स पर लगने वाला पूरा ब्याज 30 जून तक जमा कराने पर माफ किया जाएगा। इसके बाद टैक्स ब्याज सहित वसूला जाएगा। साथ ही एक लाख रुपये से अधिक बकाया रखने वाले संपत्ति मालिकों की संपत्तियों को सील करने की कार्रवाई भी की जाएगी। संवाद