यमुनानगर में पत्रकारों से बात करते शिक्षा मंत्री कंवरपाल गुर्जर
हरियाणा में कोरोना के बढ़ते मामलों के बीच पहली से 12वीं तक के स्कूल 30 अप्रैल तक बंद कर दिए गए हैं। शिक्षामंत्री कंवरपाल गुर्जर ने शुक्रवार को यमुनानगर में यह जानकारी दी। शिक्षा मंत्री कंवर पाल गुर्जर ने कहा कि कोरोना के बढ़ते मामलों के चलते स्कूल बंद किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि बड़े पैमाने पर संक्रमण फैल रहा है। बच्चों में सुरक्षित शारीरिक दूरी और वायरस से बचने के उपाय मेंटेन नहीं हो पाते जिसके चलते संक्रमण और तेजी से बढ़ता है। हाल ही में कई स्कूलों के बच्चे और शिक्षक संक्रमण की चपेट में आए हैं। इसलिए प्रदेश भर के तमाम सरकारी और निजी स्कूल 30 अप्रैल तक बंद कर दिए गए हैं। अगर कोई स्कूल संचालक आदेशों का उल्लंघन करते पाया गया तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
हरियाणा सरकार ने प्रदेश में कोरोना के बढ़ते संक्रमण की वजह से 10वीं की बोर्ड परीक्षा रद्द कर दी है। हालांकि 12वीं की परीक्षा पर कुछ दिन में फैसला होगा। बता दें कि कोरोना के बढ़ते संक्रमण के बीच हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड ने 10वीं (सेकेंडरी) और 12वीं (सीनियर सेकेंडरी) की वार्षिक परीक्षाओं की तिथि घोषित की थी।
12वीं की परीक्षाएं 20 अप्रैल और 10वीं की परीक्षाएं 22 अप्रैल से शुरू होनी थी। दोनों ही परीक्षाओं का शेड्यूल दोपहर साढ़े 12 बजे से तीन बजे तक का था। परीक्षाएं 22 मई तक आयोजित होनी थी। लेकिन कोरोना के बढ़ते मामलों की वजह से सरकार को 10वीं की परीक्षा रद्द करनी पड़ी।