संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। सदर थाना क्षेत्र के पांसरा-मिसरी माजरा रोड पर कार की टक्कर से बाइक सवार व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक की पहचान मिसरी माजरा निवासी इंद्राज के रूप में हुई। पुलिस ने आरोपी कार चालक पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मिसरी का माजरा का निवासी अमित कुमार ने सदर पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह सुविधा मॉल में सेल्समैन का काम करता है। वह शुक्रवार शाम को मॉल से छुट्टी करके अपने घर जा रहा था। जैसे ही वह सहारनपुर रोड पर गांव पांसरा के पास पहुंचा तो उसके पिता इंद्राज उसे मिले। यहां से वे दोनों अपनी अपनी बाइक पर सवार होकर घर जाने लगे।
जब वह अपने गांव के मोड़ से करीब 400 पहले पहुंचे तो सामने से स्विफट डिजायर कार आई। आरोप है कि चालक ने लापरवाही से कार चलाते हुए उसके पिता की बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही उसके पिता बाइक सहित सड़क पर गिरकर घायल हो गए। हादसे के बाद उसने अपने पिता को आसपास के लोगों की मदद से अस्पताल पहुंचाया। वहां से डॉक्टर ने उसकी हालत गंभीर देख पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया। वहां पर इलाज के दौरान उसके पिता की मौत हो गई। पुलिस ने मामले में आरोपी कार चालक पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।